Thursday, July 23, 2020

कहानी - मूक प्रेम (अनकहे प्यार की अजब दास्तान)


कहानी -'मूक प्रेम' (अनकहें प्यार की अजब दास्तान)

शालिनी अपने मम्मी पापा के साथ मंजर के घर आयोजित पार्टी से सीधा अपने घर आयी और अपने आप को एक कमरे में बंद कर लिया। आज पार्टी में जो कुछ हुआ उसका शालिनी को बिल्कुल भी अंदाज़ा नहीं था। उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसका का प्यार या दोस्त मंजर इस कदर बदल सकता है।
शालिनी का बचपन से ही सपना था सिविल सर्विस की परीक्षा पास करके देश की सेवा कर सके। जिसको पूरा करने के लिए स्नातक करते ही शालिनी दिल्ली चली आयी। दिल्ली में उसकी मुलाकात मंजर से हुई। शान्त, गंभीर और पढ़ने में अव्वल आने वाला मंजर जल्द ही शालिनी का अच्छा दोस्त बन गया।
मंजर और शालिनी पिछले पाँच साल से एक साथ दिल्ली में इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उसने और मंजर ने बहुत सारे सपने एक साथ बुने थे। सोचते थे एक साथ नौकरी करते हुए भी दोनों के बीच दूरियां नहीं आने देंगे। हर सुख दुःख में साथ देंगे। इस दोस्ती में अपनापन, प्यार और एक - दूसरे के प्रति ख्याल सब कुछ था। इस विश्वास के साथ दोनों आगे बढ़ रहे थे। पाँच साल मुखर्जी नगर में रहते हुए कैसे बीत गए पता ही नहीं चला।
दोनों ने परीक्षा एक साथ ही दी, मुख्य परीक्षा तक दोनों ने साथ रास्ता तय किया था। लेकिन किस्मत को आगे क्या मंजूर था कह नहीं सकते। साक्षात्कार की परीक्षा में शालिनी का चयन नहीं हो पाया। शालिनी का चयन नहीं होने के बाद भी उसे सुकून था कि मंजर का चयन हो गया। वो बहुत खुश थी। उसे अपने चयन नहीं होने का इतना दुःख नहीं हुआ।
आज मंजर के चयन होने की खुशी में ही उसके घर पर एक पार्टी रखी गयी थी। शालिनी को भी अपने मम्मी पापा के साथ  बुलाया था। शालिनी को अनजाने ही लग रहा था उसके मम्मी पापा को अपने घर बुला रहे है तो जरूर रिश्तें को आगे बढ़ाने की बात भी होगी। लेकिन आज ऐसा कुछ नहीं हुआ। पार्टी में ही मंजर के पापा ने घोषणा की थी-बेटे के नौकरी में सेलेक्शन के बाद जल्द ही अच्छी लड़की देख कर शादी करेंगे और आप सब लोगों को एक बार फिर से आमंत्रित करेंगे। उस समय मंजर ने भी कुछ नहीं कहा। अपने पिता की बात का मूक समर्थन दे दिया।
शालिनी वहीं खड़े खड़े सोचती रही -अच्छी लड़की का क्या मतलब??? क्या मैं मंजर को समझने वाली और उसकी दोस्त नहीं हूँ.... जीवन भर साथ देने के उस वादे का क्या हुआ....?? ये सुनने के बाद उसका मन उस पार्टी से उचट गया। उसे उस पार्टी में आना व्यर्थ और अपमानजनित भी लग रहा था। जैसे तैसे पार्टी के खत्म होने से पहले ही मम्मी पापा को लेकर घर आ गयी। शालिनी को घर आते हुए मंजर ने देखा भी था लेकिन न उसने रोका न जल्दी जाने की वजह पूछी। ये सब शालिनी को और असहनीय लगा।
घर आकर भी उसकी बैचेनी कम होने के बजाय बढ़ती गयी। उसके और मंजर की दोस्ती को दोनों घर ने सहर्ष स्वीकार किया था। एक वजह ये भी है कि शालिनी के लिए ये ओर दर्द भरी स्थिति थी। उसे लग रहा था उसकी वजह से उसके मम्मी पापा को भी लज्जित होना पड़ा है। नहीं वो ऐसे हार नहीं मान सकती। सिर्फ परीक्षा में पास होने मात्र से व्यक्ति को इतना नहीं बदलना चाहिए था। अपनी आज की स्थिति का वह मुंहतोड़ जवाब देगी।  शालिनी ने दृढ़ निश्चय कर लिया वह कल फिर से दिल्ली चली जाएगी। अपनी नए सिरे से तैयारी करेगी।
अगले दिन शालिनी दिल्ली चली गयी। इस बार पुरानी शालिनी की जगह बिल्कुल नए रूप में शालिनी दिल्ली में आई थी। न किसी से ज्यादा बातचीत न किसी से कोई दोस्ती। सिर्फ अपने आपको किताबों तक समेट लिया था। सबसे खास बात पिछली घटना से उसके दिल और अहम् पर चोट हुई थी। अब उसका सिर्फ एक लक्ष्य था - कैसे भी अपने आपको, अपनी काबिलियत को साबित करना।
रात दिन कठोर परिश्रम से एक बार फिर से शालिनी ने सिविल सर्विस की परीक्षा दी। प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से लेकर परिणाम आने तक एक दिन भी उसने चैन से बैठ कर नहीं बिताया। और आखिर वो दिन भी आ गया जब उसको परीक्षा में सफल होने की सूचना मिल गयी।   उसको खुशी थी कि उसने अपने आप को साबित कर दिया। लेकिन दिल के एक कोने से आवाज़ भी आयी कि क्या यही उसका अंतिम लक्ष्य था। जीवन में ऊंच नीच, सफलता असफलता तो चलती रहती है। आज उसे मंजर की याद आ रही,  अपने उस पुराने प्यार की भी। अगले ही पल उस दिन की घटना स्मरण होते ही यादों की तस्वीर पर धुंधलापन छा गया। थोड़े दिनों बाद उसको नियुक्ति पत्र मिल गया और एक नई जगह पर अपनी नई मंजिल की ओर चली गई।
कुछ समय बिता।
एक दिन छुट्टी वाले दिन शालिनी अपने बंगले के लॉन में बैठी हुई थी। शालिनी के मम्मी पापा उसको बिना बताऐ उससे मिलने आए। उनको देखकर शालिनी बहुत खुश हुई ।
उसके मम्मी ने कहा कि हमारे साथ कुछ मेहमान भी आए है। जरा बाहर जाकर देखो। उसने नजर उठा कर कर गेट की और देखा तो सामने मंजर और उसके मम्मी पापा थे।
मंजर को देखकर शालिनी के चेहरे पर एक बार फिर दुख की रेखाएँ उभर आई। वह मंजर का सामना नहीं करना चाहती थी तो दूसरे कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद मंजर भी उसी कमरे में आया। शालिनी ने उसकी ओर आँख उठाकर भी नहीं देखा।
मंजर ने ही बात शुरू करने के ढंग से कहा- लगता है शालिनी तुम मुझसे बहुत नाराज हो?
शालिनी ने कुछ नहीं कहा।
मंजर - शालिनी मुझे माफ कर दो, मैंने यह सबकुछ जानबूझकर और तुम्हारे भले के लिए ही किया था।
शालिनी ने तिरस्कार के भाव से मंजर की ओर देखा और सवाल किया -हुह्ह मेरे भले के लिए..? क्या किया था तुमने जानबूझकर? ज़रा मैं भी सुनूँ?
मंजर -हम दोनों ने एक सा सपना देखा था - सिविल सर्विस में चयन होने का। उस दिन जब तुम्हारा चयन नहीं हुआ और मेरा होने के बाद मैंने देखा तुमने इसमें अपनी संतुष्टि खोज ली। तुम अपने सपने को मेरे खातिर भुलाने लगी थी। मैंने तुम्हें कई बार समझाने की कोशिश भी की थी कि तुम अपने लक्ष्य पर ध्यान लगाओ। लेकिन तुम मेरे प्यार में इस कदर खोती जा रही थी कि अपना स्वतंत्र अस्तित्व की बजाय मेरे अंदर अपना अक्स देखने लगी।
शालिनी मंजर की बात सुनकर क्रोधित हो गयी।
आगे शालिनी ने कहा-अच्छा, तो अब कहोगें ये सब तुम्हारा सोचा समझा नाटक था??? विश्वास नहीं होता मंजर तुम इस हद तक झूठ बोलोगें मुझसे।
मंजर -नहीं शालिनी, मैं झूठ नहीं बोल रहा। मुझे लग रहा था एक दिन तुम शायद इस चीज का मलाल करो। मुझे ये मंजूर नहीं था। तुम में प्रतिभा थी। मैं चाहता था तुम्हारी प्रतिभा निखर कर सबके सामने आये। इसके लिए मैंने एक तरीका खोजा। सबसे पहले तुम्हारे मम्मी पापा को सब कुछ बताया और उनसे मेरा साथ देने की विनती की। अपने मम्मी पापा को भी मैंने तुम्हारे बारे में बात कर ली थी। मैंने सबको बताया था परिणाम चाहे कुछ भी आये मैं जीवन भर शालिनी के साथ रहूँगा। थोड़ा समय लगेगा लेकिन मेरी शालिनी अपने दम पर खड़ी हुई मिलेगी।.... और शालिनी तुमने मेरा भरोसा तोड़ा नहीं। तुमने कर दिखाया। मैंने हर कदम पर तुम्हारी खैर खबर लेता रहा था। यहाँ तक की मैं खुद भी कई बार दिल्ली आया था, तुम को दूर से ही देख कर चला जाता था। कहते कहते मंजर की आँखे नम हो गयी।
शालिनी कुछ समझ पाती तभी उसके मम्मी- पापा कमरे में दाखिल हुए।
शालिनी के पापा-बेटा शालिनी, मंजर को गलत मत समझना। उसने तुम्हारे लिए बहुत कुछ सहन किया है। तुम को लेकर हमसे भी ज्यादा फ़िकर मंजर को थी। इसने प्रोग्राम से पहले ही घर आकर तुम्हारा हाथ माँग लिया था। और बताया कि वो तुमसे बहुत प्यार करता है। हमारे लिए इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती थी।
शालिनी की माँ-हाँ बेटा, तुम्हारे पापा सही कह रहे हैं। मंजर ने तुम्हारे अलावा कभी किसी के बारे में इतना नहीं सोचा। मंजर ने ही बताया कि शालिनी को उसके प्यार की भनक नहीं पड़ने देनी है। तुम्हारे भविष्य को लेकर उसने ही अपने प्यार की कुर्बानी देते हुए तुम्हें अपने लक्ष्य की ओर प्रेरित किया।
शालिनी अचंभित से खड़ी कुछ समझ नहीं पा रही थी।
तभी मंजर के मम्मी पापा भी कमरे में आ गए।
मंजर की माँ बोली - शालिनी मंजर तुमसे बेंइंतहा प्यार करता है। हम नहीं जानते तुमने ऐसा क्या जादू किया है इस पर। लेकिन इसने खुद परीक्षा देने से पहले ही हमें कह दिया था माँ पापा शालिनी मेरी जिंदगी का एक अहम् हिस्सा है। चाहे आगे जैसा भी परिणाम हो।........हम भी तुम दोनों की जोड़ी से बहुत खुश थे। तुम्हारे मम्मी पापा से भी हम पहले ही मिल कर सब कुछ तय कर चुके थे। उस दिन प्रोग्राम में ही हम तुम्हें कंगन पहना कर अपनी बहु बनने वाले थे।लेकिन एनवक्त पर मंजर ने हम सब को मना कर दिया और तुम्हें कुछ भी कहने से रोक दिया।....तुम्हारा कंगन का नाप तक भी मंजर ने खुद ही दिया था।कह कर मंजर की माँ ने अपने पर्स से कंगन निकाल कर मंजर के हाथ में रखते हुए मंजर को विशेष हिदायत भी दी कि -'अब बहु को मनाने का काम तुम्हारा है।" कह कर वो चारों लोग कमरे से बाहर चले गए।
अब कमरे में सिर्फ शालिनी और मंजर ही थे। शालिनी ये सब सुन कर स्तब्ध थी।  उस को कुछ समझ नहीं आ रहा कि वो क्या करें। मंजर भी हाथ में रखे कंगन को देख रहा था और कभी शालिनी के चेहरे की ओर। वो भी असमंजस में खड़ा था। मंजर ने फिर धीरे से शालिनी की तरफ बढ़ा। उसके निकट आकर बोला-शालिनी, मुझे माफ़ कर दो। क्या एक मौक़ा जीवन भर तुम्हारे साथ निभाने का दोगी।.... मैं तुमसे... कुछ कहते हुए मंजर की जुबान लड़खड़ा रही थी।
शालिनी ने नज़र उठा कर मंजर की ओर देखा । तो जैसे उसकी आँखे कुछ नहीं बोल कर भी सब कुछ बोलती हुई प्रतीत हो रही थी। मंजर के प्यार के इस नये और अंजाने रूप के निश्चल प्रेम में शालिनी भी भीग रही थी। फिर भी उसने अपने भावों पर नियंत्रण करते हुए उसकी तरह एकटक देख रही थी।
मंजर ने अपना हाथ उसकी ओर बढ़ा कर प्रेम निवेदन किया। शालिनी मैं तुमसे बहुत......। शालिनी आगे बढ़ कर उसके होंठों पर हाथ रख कर धीरे से फुसफुसाई- शश्श्......... जब इतने समय बिना कहें प्रेम कर सकते हों तो अब कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। शालिनी ने अपना हाथ उसके हाथ में रख थाम लिया। मंजर ने बिना कुछ कहे कंगन उसके हाथ की ओर बढ़ाया, उस कंगन को पहन शालिनी ने अपने प्रेम की मौन स्वीकृति दे दी।
©डॉ. संतोष विश्नोई
सहायक प्रोफेसर, हिन्दी विभाग, कॉलेज शिक्षा,
दिल्ली-एनसीआर

Wednesday, July 22, 2020

कहानी - रक्षाकवच

कहानी - *रक्षाकवच*

एक गाँव की विकास खंड अधिकारी के रूप में राधा की नियुक्ति एक छोटे से कस्बे में हुई। अधिकारी होने के नाते राधा को अकसर गाँव के दौरे करने के लिए देहात में जाना होता था। एक दिन ऐसे ही किसी गाँव की और जा रही थी कि रास्ते में एक महिला दिखी जो अपनी बच्ची को पीटती जा रही थी और खुद भी रोती जा रही थी। मामला कुछ समझ नहीं आया तो राधा ने ड्राइवर को बोल गाड़ी साइड में रोकने को कहाँ। वो गाड़ी से उतरी और उस महिला की ओर बढ़ीं। अफसरी लिहाज़ से थोड़ा कड़क आवाज में राधा ने पूछा-क्यो पीट रही हो इस लड़की को?? महिला पीटना छोङ वही जमीन पर बैठ कर रोने लगी। बोली - क्या बताए, इस लड़की का दिमाग ही फिर गया है। बोल रही हैं पढ़ने नहीं जाएगी। मेरे साथ काम करने जाएगी..गुलामी करने... ।। हम क्या कम है दुनिया कि गुलामी करने को। । इसका बापू तो इसको मेरे गले बांध पहले ही मर गया। ये पढ़ लिख ले तो मैं भी चैन से मर तो सकूँगी।......
मुझे मीटिंग में लेट हो रही थी तो मेरे ऑफिस में आकर मिलने और उसे समझाने का आश्वासन दिया। गाड़ी में आकर बैठी तो मेरे सामने अपने माँ - बाप का चेहरा सामने आया।  पिता जी अपने भाई बहनों में सबसे छोटे थे। पिता जी को छोङ उनके सभी भाई किसी न किसी सरकारी नौकरी में लगे हुए थे। पिता के हिस्से में आजीविका के नाम पर  खेत- खलिहान का काम ही आया था। सब भाई के नौकरी में होने और पिता का खेती करने के कारण रहन - सहन और खानपान में अच्छा खासा अंतर था। किसी भी पारिवारिक कार्यक्रम में माँ चूल्हे और बर्तनों के ढेर के पास बैठी नज़र आती। कभी सबके लिए रोटियाँ बनाती, कभी चाय बनाती। रसोई से बाहर क्या हो रहा है देखने की फुरसत ही नहीं आती। चौके चूल्हे का काम निपटाकर बर्तनों के ढेर को साफ करती नज़र आती। वहीं बड़ी ताईयाँ अच्छे कपड़े और गहने पहने औरतों के बीच में बैठी गप्पे लगाती हुई दिखाई देती। मैंने माँ के पास कोई अच्छा गहना पहने भी नहीं देखा ।गहने के नाम पर काले मोतियों में एक सोने का ताबीज जैसा पैंडल लगा एक नेकलेस था।  एक दो जोड़ी अच्छे कपड़े थे वो ही किसी न किसी कार्यक्रम में अदल-बदल कर पहन लेती और फिर धोकर अंदर संदूक में रख देती।
कार्यक्रम के बाद जब घर आती तो मुझसे पूछती राधा कार्यक्रम में क्या और कैसे हुआ? मैं जानती थी वो कार्यक्रम में शामिल होती हुई भी सब से अंजान कामों में जुटी रहती थी। मेरी बाल बुद्धि में जैसे समझ आता उन्हें समझा देती।
धीरे धीरे बड़ी हुई तो इस अन्तर को और गहराई से महसूस किया। किसी भी ताई को थोड़ी सी दिक्कत होती तो मुझे घर के कामों के लिए बुला लेती। किसी के यहाँ झाड़ू पोंछा करने के लिए तो किसी के यहाँ शरीर की तेल मालिश करने। माँ को धीरे धीरे मेरा ताईजी के घर काम पर बुलाया जाना खलने लगा। वो बापू से कहती थी मैं क्या कम हूँ उनकी गुलामी करने के लिए जो मेरी फूल जैसी बच्ची को घर के कामों के लिए बुला लेती हैं। इससे तो अच्छा है मैं अपनी बच्ची को पढ़ने के लिए भेजू। माँ चाहती थी भाई तो पढ़ नहीं पाया। मैं पढ़ लिख कर इतना जरूर करूँ कि आगे भविष्य में किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े। मेरे स्कूल में दाखिला होने की बात जब ताईजी को पता चली । ताईजी ने इस पर माँ को खूब सुनाया - "लड़की जात है। कहाँ पढ़ने भेज रही है। कुछ ऊँच- नीच हो गयी तो तुम्हारे साथ - साथ हम भी कही मुँह दिखाने के लायक नहीं रहेंगे। वैसे भी पढ़ कर कौनसी नौकरी करवानी है। लड़की को घर में रख कर अभी से काम में लगा दो। आगे चलकर ठीक - ठाक घर में ब्याह हो जाएगा.....
माँ ज्यादा तो क्या बोलती । इतना बोल पाई कि "बेटी को पढ़ाना है चाहे कुछ भी हो। वो आगे  दर - दर की ठोकर नहीं खाये। दो अक्षरों का ज्ञान होगा तो कम से कम अपना पेट अच्छे से पाल लेगी। किसी की जीवन में गुलामी नहीं करनी पड़ेगी। जैसी हमें करनी पड़ रही है...... ताईजी गुस्से में बौखला उठी। देखती हूँ कैसे पढ़ेगी!!
अपने माँ- बाप के मैं और मेरा भाई दो ही बच्चे थे। भाई मेरे से बड़ा था लेकिन उनका पूर्ण मानसिक विकास नहीं हो पाया। पूरे बीस साल के होने पर भी उनकी बुद्धि एक तीन - चार साल के बच्चे जितनी थी। ऐसा भाई के साथ क्यों हुआ ये तो नहीं पता चल पाया। माँ पिता ने डॉक्टर से मिलकर इलाज भी करवाया। आखिर में डॉक्टर ने माँ पिताजी को 'कोई आनुवांशिक या जन्म की विकृति रही होगी' इस सच के साथ बच्चे को स्वीकार करने की सलाह के साथ घर भेज दिया। बताया कि अब इस बच्चे का मानसिक विकास संभव नहीं है। मैं जब भी उन को देखती थी एक अजीब सी दया आती। माँ पिता के जीवन में तो मानो कहर ही टूट गया था।
एक दिन माँ बड़े गुस्से में घर आयी। मैं पढ़ रही थी।
भाई भी पास वाले कमरे में बैठा टीवी देख रहा था। माँ के हावभाव से समझ गया मामला कुछ ठीक नहीं है तो टीवी बंद कर के वही बैठ गया। आज माँ ताई के यहाँ से ही गुस्से में आयी थी। तभी पिताजी भी खेतों से आ गए और माँ से चाय बनाने को बोला। माँ बड़बड़ाते हुए ही चाय बनाने लगी।चाय बना थोड़ी देर में बापू के सामने रख दी। खुद भी वही पास में बैठ गयी। बापू ने चोर नज़र से उसकी ओर देखा और होलै से चाय का ग्लास हाथ में ले लिया।
 धीरे से पूछा - क्या हुआ राधा की माँ। माँ सोच में डूबी हुई थी, बापू के पूछते ही बोली -हमारी तो तकदीर् ही ऐसी है जीवन में दुःख ही देखते आये है और ऊपर से पैसे वाले अपने सगे लोग ही धौंस जमा जाते हैं।  कह वो रोती हुई दुपट्टे से आँसू पोछने लगी । बापू पूछ बैठे -किसने और क्या कह दिया ?? माँ -और कौन कहेगा। जब घर के ही लोग जीते हैं तो......बापू - क्या बात हुई? कुछ बताओगी या पहेली बनाती रहोगी?? माँ ने पिता को आज जो कुछ हुआ सब एक साँस में सुनाना शुरू किया -
माँ -आज दोपहर को जेठानी जी ने हमें बुलाया और बोली एक रिश्ता लाये हैं तुम्हारी राधा के लिए।......मैंने बोला अभी राधा बारहवीं में है। इतनी जल्दी कैसे सोच सकते हैं!!!! तब वो बोली -राधा की माँ मेरे मायके की तरफ से रिश्ता आया है। घर में गाड़ी, एसी सब सुख - सुविधा है। बस लड़का तलाकशुदा है और उसके लिए एक सुशील लड़की चाहिए। हमारी राधा ठाठ करेगी। माँ - क्या बात कर रही हो जिठानी जी। तलाकशुदा लड़के को मैं अपनी फूल सी बच्ची कैसे दे दूँ। कुछ तो ख्याल करो आप। राधा आपकी भी बेटी जैसी ही है।
जेठानी -राधा की माँ तुम भाग्यशाली समझो जो मेरे मायके वाले राधा के लिए रिश्तें की मंजूरी भेज रहे हैं। तलाकशुदा है इसीलिए वरना वो तो तुम्हारी औकात से बाहर का रिश्ता है। कहाँ वो पैसे वाले लोग और कहाँ तुम... बड़े लोगों में उठना बैठना उनका है। सोच लो.... एक बार हाथ से निकल गया तो बाद में सोचते रह जाओगी।
माँ - जेठानी जी, अभी राधा बाहरवी में पढ़ रही हैं। सिर्फ सोलह साल की है। अभी से रिश्ता तय कर देने से बच्ची का क्या होगा। सोच कर ही रुंह कांप जाती है।
जिठानी - "राधा की माँ सोच लो। एक बार मेरे मायके का रिश्ता ठुकरा दिया तो मुझसे आगे किसी तरह की मदद की उम्मीद मत करना।... तुम्हारा तो बेटा भी सहारा बनने की बजाय बोझ ही बना बैठा है। काम तो हम ही आएंगे। हम से तोड़ लिया तो निभा नहीं होगी!!!!" कहते ही उनकी कुटिल हंसी उनके चेहरे पर फैलने लगी।
माँ बोली मेरा मन तो हुआ कह दूँ - हाँ हँस लो हमारे फूटे कर्मो पर। आप सब दो दो स्वस्थ बेटो की माँ बनी और पति की सरकारी नौकरी पर इतरा रही हो। . . . . . . भूल गए हम भी इंसान ही हैं। ....क्या करती राधा के बापू जिठानी जी ने सगुन का नारियल पकड़ा दिया। पिताजी - राधा की माँ तुम एक लड़की की माँ हो। सबसे पहले ये पूछना चाहता हूँ तुम्हें ये रिश्ता करना है?  माँ- मन तो नहीं है राधा के बापू!!! लेकिन करे तो क्या करे! हमारा इतना कर्ज़ भी उधार है उन का। कही नाराज़ होकर हंगामा कर दिया तो कहाँ से देंगे।
बापू ने कुछ सोचकर उठे और दूसरे कमरे में गए। आकर माँ से कहाँ - "राधा की माँ चाय पी लो और तैयार हो जाओ। फिर चलते हैं...!!
माँ -कहाँ जाना है?"
बापू - तुम्हारे मन का भार कम करने। और अपनी जिंदगी का कर्ज़ चुकाने। ये मेरे हिस्से के खेत का कागज़ है । इसको देकर कर्ज़ चुका देंगे। अपनी बेटी की जिंदगी इतनी सस्ती नहीं है कि कोई भी खरीद लेगा। हमारी बेटी है तो आखिरी फ़ैसला भी हमारा ही होगा।" माँ ने बापू के चेहरे को देखा तो उसकी आँखों में भी चमक आ गयी। माँ उठी। अंदर कमरे से वो शगुन का नारियल उठाया और बापू के पास आई। दोनों एक साथ अपनी बेटी का रक्षाकवच बनने चल पड़े। उसी दिन के बदौलत आज राधा समाज का रक्षाकवच बनने की ओर अग्रसर थी।

Saturday, July 18, 2020

कविता - इमोजी भाव

इमोजी भाव (विश्व इमोजी डे पर विशेष कविता)

भाव जो कभी होते थे गहरे,
अब संकेतों में सिमट कर
रह गए।
दुःखी है तो
 रोते हुए, दहाड़ मारते इमोजी भेज दीजिए,
प्रसन्न है तो
दांत दिखाते हुए, होंठ मरोड़कर, खुल कर
खिलखिलाते हुए स्माइली भेज दीजिए।
उत्साहित, अदभुत, दर्द, अकेलेपन,
संतुष्ट, तनाव, घुटन, प्रेम
और
सबसे बड़ी बात
मृत्यु तक के भावों को
समेट कर रख दिया
 एक चित्र ने!!!
कैसे इंसान RIP लिख कर
अगले पल हैप्पी हो सकता है?
भाव नहीं मानो
मदारी का खेल हो गया।
सामने वाले इंसान के पद,
 गरिमा, मान मर्यादा को
जाँच परख कर
संवेदनाएं व्यक्त की जाती है।
किसने तय किए
इन चित्रों के अर्थ के मायने ?
यही अर्थ जो अब बदल रहे
रिश्तों के मायने! ! !
अपना दुःख हमेशा से विशेष
होता आया है
किंतु परायों के दुःख से इतनी
विरक्ति क्यों,
दुःख को इतना सतही न बनाएँ,
खुशी को इतना क्षणिक,
भावों को भाव ही रहने दे,
इमोजी भाव में न उतारे।
 दुःख की कोई परिभाषा नहीं होती,
दिल तो एक सा ही रोता है सबका!!

डॉ. संतोष विश्नोई
दिल्ली-एनसीआर

Tuesday, July 7, 2020

कहानी - पापा ऐसा क्यों किया?

कहानी - पापा ऐसा क्यों किया?

खुशी ऑफ़िस पहुँची थी कि उसके पास घर से ताऊजी का फोन आया। उसे कहा जितना जल्दी हो घर आ जाओ।
खुशी बोली ताऊजी अभी तो ऑफिस पहुँची हूँ, अभी कैसे निकल जाऊँ। सर मेरी सैलरी काट लेंगे या नौकरी से ही ना निकाल दें। अभी सर ऑफिस आये नहीं है, उनके आने तक रूकना पड़ेगा। उसके बाद घर आने का सोच सकती हूँ।
खुशी तो अपनी उलझन में बोलती गयी।
ताऊ जी बोले- 'खुशी बेटे तुम अभी घर के लिए निकलो....
कह कर उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी।
खुशी किसी आशंका से भयभीत हो गयी।
'सब ठीक है न बड़े पापा' खुशी ने पूछा।
' बेटा, तुम बस जल्दी आ जाओ, तुम्हारे पापा की तबियत ठीक नहीं है....' ताऊ जी ने इसके अलावा कुछ और नहीं कहा।
' पापा की तबियत को क्या हुआ बड़े पापा, रात को तो तबियत ठीक थी। सुबह में जल्दी में थी तो पापा से मिल कर नहीं आयी थी। वो भी तो अपने कमरे में सो रहे थे, उठे ही नहीं थे न। फिर....... कह खुशी जैसे रोने को हो गयी।
'खुशी बेटा, वो अब भी नहीं उठे....' इतना ही बोलने के बाद उनके सिसकने की आवाज आने लगी।
खुशी जैसे तैसे ऑफिस से निकल कर बाहर लिफ्ट के लिए भागी। जल्दबाजी में उसने अपने साथ काम करने वाले सचिन को एक मैसेज कर दिया। 'पापा की तबियत खराब, मैं घर जा रही हूँ, कृपया सर को बता देना।'
ऑफिस से निकल कर वो मुख्य सड़क पर आ गयी। जहाँ से उसे ऑटो लेकर ही घर के लिए पहुँच सकती थी।
थोड़ा इंतज़ार करने के बाद उसे एक ऑटो मिला। उसमे बैठते ही उसके सामने अपने पिता का चेहरा घूमने लगा।
खुशी के पिता एक निजी कंपनी में हेल्पर का काम करते थे। बड़े मेहनत और ईमानदारी से काम करते हुए उन्होंने अपने तीन बच्चों का पालन पोषण कर रहे थे। लेकिन किस्मत में शायद कुछ और लिखा था। उनके ऊपर कुछ गलत किस्म के लोगों ने धोखाधड़ी का झूठा इल्जाम लगा फँसा दिया। ऐसे में उनको अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा।
इस घटना ने पिताजी को गहरे सदमे में डाल दिया। वो इतना परेशान हो गए कि अपना मानसिक सन्तुलन भी खोने लगे। माँ 'सब ठीक हो जाएगा ' कहते हुए कुछ संबल देती। जैसे जैसे वो नयी नौकरी के लिए जाते और कही सफलता नहीं मिलती। ऐसे में वे ओर निराशा के गर्त में जाने लगे। धीरे धीरे वो अपना मनोबल खो बैठे।
ऐसे में बड़ी बहन जिसने बीएसटीसी की हुई थी, एक स्कूल में जॉब कर के परिवार को संभाला। उस समय खुशी कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा कर रही थी। एक छोटा भाई था जो नवीं क्लास में पढ़ रहा था।
कुछ और समय बीत गया।
पापा की कहीं नौकरी नहीं लगी। बहन की नौकरी से घर खर्चा मुश्किल से ही चल पा रहा था। ऐसे में खुशी ने अपना डिप्लोमा होते ही एक छोटे ऑफिस में कंसल्टेन्सी के तौर पर काम करने लगी। महीने के दस हज़ार देते थे। सब ठीक चलने लगा था। परिवार फिर से अपनी पटरी पर आने लगा था। फिर आज.....
इसी उधेड़बुन में खुशी घर के सामने पहुँची। सामने भीड़ ने घर को घेर रखा था। खुशी भीड़ को दूर हटा घर में घुसी। पापा के कमरे की और दौड़ते हुए पहुँची। सामने का मंज़र देखा तो उसके पाँवों के नीचे से जमीन खिसक गयी। सामने छत के पंखे से पापा लटके हुए थे। ये दृश्य देखकर उसे यकीं नहीं हो रहा था कि पापा इतने कमजोर हो सकते थे कि जीवन से लड़े बिना मौत को गले लगा लिया। जीवन भर बच्चों को हर समस्या से डट कर लड़ने की सीख देने वाला इंसान आज खुद हिम्मत हार गया।
तभी पुलिस आ गयी, सबको कमरे से हटा कर तहकीकात करने में जुट गयी। खुशी ने कमरे से बाहर आकर देखा, माँ और बहन का रो- रोकर बुरा हाल था। खुशी भी एक गहरे सदमे थी, लेकिन अपने आप पर अभी भी नियंत्रण रखे हुए थी।
वो विश्वास ही नहीं कर पा रही थी कि उसके पापा अब इस दुनिया में नहीं है और वो जो देख रही है वो सब सच है।
वो जानना चाहती थी पापा ने आखिर ऐसा क्यों किया। घटना स्थल पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। खुशी के पापा की मौत रहस्यमय बन गयी।
थोड़ा समय गया। एक दिन खुशी को घर ठीक करते हुए एक फाइल मिली। किसी डॉ के क्लिनिक की थी। खुशी को समझ नहीं आया उसके घर में तो कोई बीमार नहीं था। उसने फाईल खोली। सामने उसके पिता का नाम लिखा था।
उसकी डबडबाई आँखे बस कुछ शब्द ही पढ़ पाए- कैंसर लास्ट स्टेज.... इमरजेंसी... डिपॉजिट 10लाख....
उसके पापा ने ये बात छुपाने के लिए इस दुनिया से चले गए। खुशी मन ही मन कहने लगी पापा आपने ऐसा क्यों किया। हर समस्या के साथ इसे भी देख लेते न। क्या इतना भी भरोसा नहीं था किसी पर....
लेकिन अब बस पापा की यादे ही रह गयी शिकायत करने के लिए.....

© Dr. Santosh vishnoi

Tuesday, June 30, 2020

कविता - अटल सत्य

अटल सत्य'

जाने कैसा अजनबीपन-सा भाव,
हर एक सूरत में
नज़र आता।
कहता तो कोई भी नहीं कुछ,
फिर भी मन घबराता।
तनाव, घुटन, बेबसी से
जूझ रही है मानवता।
कल के सुखद स्वप्न
कोई क्यों नहीं बुन पाता।
सोच जरा
क्यों हो रहा निराश, हताशा
हर रात का,
एक सुनहरा दिन है आता।
 सत्य अटल है
अडिग रहा है कोई
विश्व विजेता बन जाता।

© डॉ. संतोष विश्नोई

Monday, June 29, 2020

कहानी - अनकहे से फ़ासले

कहानी - *अनकहे से फ़ासले*

मुझे याद है मैं कुछ दिनों से बीमार महसूस कर रही थी, तमाम परहेज के बावजूद ठीक नहीं हो पा रही थी। एक शाम को अस्पताल के एक बेंच पर बैठी थी। हाथ में मेडिकल रिपोर्ट लिए। बूत बन कर कब तक बैठी रही नहीं जानती। तुम आज भी नहीं आये थे मेरे साथ। दरअसल लग रहा था कई दिनों से तुम दूर दूर भाग रहे थे। बस ये नहीं समझ पा रही थी तुम मुझसे दूर भाग रहे थे या अपने आप से। पास पड़ी हुई वो मेडिकल रिपोर्ट किसी अजगर की भाँति लग रही थी, जैसे वो मुझे धीरे धीरे अपने में समेट लेगी। दिल भरा हुआ था और दिल का गुब्बार निकालना चाहती थी लेकिन आँखे हैं कि साथ ही नहीं दे रही। आँसू पता नहीं अंतर के किस कोने में धूमिल हो चुके थे।
अस्पताल से निकलना तो था ही लेकिन कहाँ जाऊँ।

घर!!!!!!

 घर है ही कहाँ। वो तो बस चारदीवारों से घिरा हुआ मकाँ है जो अपने आप में राहगीरों की पनाहगाह का सबूत देता है।
घर आयी और उन रिपोर्टस को किसी दराज़ में कैद कर दिया गया जैसे कुछ हुआ ही नहीं। जानती थी उसका तुम्हारे लिए कोई मायने नहीं होंगे।
तीन दिन के बाद तुम घर आये, लेकिन तुम्हे देख कर भी मेरे मुरझाये चेहरे पर भी कोई खास फर्क मैंने महसूस नहीं किया । शाम को खाने के बाद तुमने ही बात शुरू की। मुझे लगता हैं हमारा दोनों के लिए अब अलग हो जाना बेहतर है। मुझे ऑफिस से प्रोमोशन मिला है।
मैं और शीतल सोच रहे हैं कि अब साथ ही रहे। तुम और मैं तो वैसे भी कभी साथ हैं नहीं, तो फिर जीवन भर इसे और क्यूँ ढोना।
मेरे मुँह से सिर्फ 'हुं' ही निकल पाया था।
तुम बोल कर आदतन उठे और बिना मेरी तरफ देखे बेडरूम की तरफ चले गए।
मैं वैसे ही बैठी रही थी। समाने प्लेट में खाना परोस रखा था। ऐसा नहीं है कि मेरे मन में कोई दुःख जैसा भाव आ रहा था। या तुमसे कुछ शिकायत कर रही थी। पता तो मुझे भी था ये एक दिन आएगा... तुम नहीं कहते तो शायद मैं ही कह देती.....
खाने को थोड़ी देर विराम देकर मैं कुर्सी के सहारे आराम की मुद्रा में बैठी, आँखों से चश्मा उतारा और हाथ में लिए विचारों के घोड़े दौड़ाती रही।

- - - - - - - -
 घर वालों के खिलाफ जाकर तुमसे शादी की थी। तब तो प्रेम का जादू सिर पर सवार था। तुम्हारे अलावा मुझे इस संसार में कोई नज़र ही नहीं आता था।
पिता तो थे नहीं मेरे। माँ थी जो दो भाईयों के साथ रहती थी। जब उन्हें बताया तो भाइयों ने उल्टा माँ को ही सुना दिया था - लो ओर भेजों घर से दूर पढ़ने। दिल्ली जैसी जगह ने लड़की का दिमाग फेर कर रख दिया। यहाँ बुलंदशहर में रहती तो कभी हाथ से तो ना जाती।
माँ तब भी कहाँ कुछ बोल पाई थी।
दोनों भाईयों ने तुगलकी फरमान सुना दिया था। अगर दूसरे बिरादरी में विवाह करने का सोचा तो इस घर का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
लेकिन मैं कहाँ मानने वाली थी।
आखिर शादी तो तुमसे ही की। तुम्हारे घरवाले भी इस शादी के खिलाफ थे, लेकिन वो तुम्हे तो अपनाये हुए थे बस मेरे लिए ही बहु की जगह नहीं बन पाई थी कभी। खैर मैंने भी कब तुमसे शिकायत की थी।।
तुम अकेले ही हो आते थे कभी कभी बीच बीच में अपने घर।
प्यार का परवान कुछ दिनों तक कायम रहा फिर आयी जीवन की ज़मीनी हकीकत। तुम दिनभर की नौकरी के बाद जब घर आते वजह बेवजह झलाने लगे थे। मुझे लगा घर की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ रही है तो तुम परेशान हो रहे हो। जल्द ही मैंने भी एक स्कूल की अध्यापिका की नौकरी पकड़ ली।
लगा था तुम्हारी जिम्मेदारी को हलका करूँगी। लेकिन जब तुम्हे बताया तो तुम भड़क उठे । -----'मैं क्या कम कमाता हूँ, या तुम्हे किसी चीज की कमी है', 'फिर क्यों नौकरी का बहाना करके बाहर जाना है।' 'क्यो ये अहसास दिलाना चाहती हो कि मैं तुम्हारी जरूरते पूरी नहीं कर पा रहा हूँ।'......
पहले सोचती थी शायद हमारा कोई बच्चा होगा तो हमें घर वाले अपना लेंगे। लेकिन में माँ नहीं बन पा रही थी। ऐसे में तुम्हे समझाया भी था क्या करूँगी पूरे दिन घर पर बैठ कर। लेकिन तुम नहीं माने, फिर मैं भी जिद कर बैठी। जब तुम नौकरी कर रहे हो तो मेरी नौकरी करने में क्या हर्ज है। बस वही हमारी अहम् की पहली जड़ जमी।
.
.
समय के साथ हम भी चलते रहे।
.
.
हम दोनों एक ही घर में किराएदार की भाँति रहने लगे। दोनों के बीच मन और शरीर का जरूरतभर का रिश्ता शेष रह गया था। शादी के 5साल गुजर गए। हम माँ बाप नहीं बन पाए। तुम्हारे घर वाले दबी ज़बान से बोलते एक बांझ से शादी करने से अच्छा था बिना शादी किये ही रह जाता। मैं हर दिन टूटती थी। तुमसे बात करने की कोशिश करती लेकिन तुम तो ना जाने कौनसे पश्चाताप की मुद्रा में दूर होते चले गए। तुम्हें लगता तुमने घरवालों के खिलाफ़ शादी करके बहुत बड़ा गुनाह कर दिया था। लेकिन तुमने कभी सोचा मैंने तुम्हे पाने के लिए कितना कुछ खोया। तुम्हारे लिए परिवार में सबसे लड़ी, बाद में दुनिया से भी लड़ी। शादी के बाद भी सुखी परिवार की परिभाषा से में दूर ही रह गई। तुम्हारे परिवार ने मुझे कभी अपनाया ही नहीं। मेरे दुःख से तुम्हे क्या सहानुभूति होती तुम तो खुद अपने परिवार से दूर करने का इलज़ाम को भी मेरे हिस्से का मान परिवारवालों के दिये जाने वाले तानों को मौन स्वीकृति देने लगे।
तुम्हारे सिवाय कोई दूसरा तो मेरी जिंदगी में था नहीं जिससे अपना दुःख साँझा करती। तुम्हारी बेरूखी दिल को कुरेदती थी। धीरे धीरे तुम्हारी खीज़ तुम्हारी बातों से झलकने लगी।
एक दिन तुम्हारा मेरी किसी बात से गुस्सा होकर घर छोङ कर चले जाना और आज पूरे तीन दिन से घर से गायब रहने ने मेरे अस्तित्व को अंदर तक झकझोर कर रख दिया। उस दिन अपने आप को असहाय महसूस करना बंद कर दिया।
इन तीन दिनों में मैंने समझ लिया कि मेरा अब तुम्हारे लिए कोई अस्तित्व ही नहीं है । उस दिन के बाद मैंने तुम्हारे जीवन में दखल देना बंद कर दिया । मेरा सारा ध्यान अब अपने आप को समेटकर बची हुई ताकत के साथ अपने आप को संवारने में लगने लगी।
आज जब तुमने अलग होने की बात कही तो ये भी अहम् की चोट ही थी जो तुमने फिर की। कैसे बोलती तुम्हारे लिए मैंने घर छोड़ा और आज तुम मुझे छोड़ने की बात कर रहे हो। फिर लगा अच्छा ही है। कुछ निर्जीव रिश्तों मे कितना भी पानी दो उनको सूख ही जाना है।
मैंने तलाक के कागज़ पर साइन कर के उसे टेबल पर रख दिया। साथ ही एक छोटी सी पर्ची में लिख दिया - "मैं बांझ नहीं हूं, मैं आज मां बनने वाली हूं । मैं जानती हूं कि यह बच्चा तुम्हारा नहीं है। और ना ही तुम कभी पिता बनने वाले थे । मैं कभी कहना नहीं चाहती थी लेकिन आज जरूर कहूंगी कि तुम जैसे नामर्द इंसान का मेरे जीवन में कोई स्थान नहीं है, मैं खुद तुम्हें हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर जा रही हूं। "
मैं उठी, एक आख़िरी बार तुम्हारे कमरे में झांक कर देखा, तुम आराम से सो रहे थे। मैंने दूसरे कमरे से अपना समान साथ लिया, तुम्हे सोते हुए छोङ, एक नये जीवन की उस अनंत मंजिल की और चल पड़ी।

©  डॉ. संतोष विश्नोई



Friday, June 26, 2020

कविता - मेहनतकश का दर्द

मेहनतकश का दर्द

जिंदगी ठहरना
 उससे पूछो
जिसको दो वक्त की
रोटी नसीब ना हो।
जीवन भर मेहनतकश
होने के बाद
आज जो लाचार
नज़र आता है।
हर रोज एक झूठी दिलासा
कल सब ठीक होगा!!!
आज सिर्फ
 नमक-रोटी की लालसा।
क्यो हर आपदा गरीब को
और गरीब कर के जाती है।
ये वही है जो ठंड में ठंड से मरता है
और
गर्मी में लूँ से मरेगा।
बेबसी इनके चेहरे पर ही नहीं
शब्दों में भी नज़र आ रही है।
जिन हाथों ने
मेहनत का गहना ही पहना
मानो
वो भी कोई लूट ले गया।
इक रोटी को पाने में
हुजूम के साथ
उसे पार करना पड़ता है,
अपने अन्तर की
 एक पीड़ा,
जीवनभर किसी के
आगे ना फैलाया हो हाथ ,
पर आज वही
दो वक्त की रोटी के लिए ताक पर रखता है
अपना ज़मीर, अपनी शान, अपनी पहचान।
आज उसके हाथ में वो लरज नहीं,
आज उसके चेहरे पर वो चमक नहीं,
आज तो बस बेबसी और भूख है।
सच
जिंदगी ठहरना
 उससे पूछो
जिसको दो वक्त की
रोटी नसीब ना हो।

 © डॉ. संतोष विश्नोई

Thursday, June 25, 2020

कहानी - 'वेदिका - रिश्ता सात फेरों का'

कहानी
वेदिका - रिश्ता सात फेरों का'

वेदिका की आज शादी के बाद ससुराल में पहली रात थी। कुछ महिलाएं उसको रात होने के बाद एक अलग कमरे में बैठा कर चली गयी। दबी-सी हँसी और फुसफुसाहट के बाद इतना कह गयी कि बहुरानी तुम आराम से बैठो,  हम देवर जी को जल्दी भेजते हैं। उन महिलाओं के जाने के बाद वेदिका ने एक नज़र कमरे पर डाली। देखने में साधारण सा लग रहा था। एक पुराना सा बेड रखा था जिस पर नई चद्दर तक नहीं बिछाई गयी। उसको ये देख कुछ अजीब जरूर लगा। फिर ये सोच मन बहलाया कि जल्दबाज़ी में शादी तय हुई है तो कमरे को ठीक करवाने की बात नहीं सोची होगी।
वेदिका को इस बात की तसल्ली जरूर थी कि इसी घर में उसकी सगी बड़ी बहन का भी विवाह हुआ है। बड़ी बहन का नाम कुसुम था। कुसुम का रिश्ता मनोज, जो अब उसके जेठ हैं, से तीन साल पहले की कर दिया था।  तब वेदिका ने बारहवीं की परीक्षा दी थी।
उसे आज भी याद है कुसुम दीदी की सगाई बड़ी धूमधाम से हुई थी। मनोज जीजाजी ने जब पहली बार दीदी को देखा तभी पसंद कर लिया था। घर में सब बहुत खुश थे। दीदी घर की सबसे बड़ी लड़की थी तो पहली बार हुए उनके रिश्तें को खुशी से सबने स्वीकार किया। झटपट सगाई भी कर दी।  तब घर में किसी को भी साथ में वेदिका की शादी को लेकर कोई ख्याल नहीं आया था।
पंकज मनोज का छोटा भाई था जो उस समय जयपुर में इंजीनियर की पढाई कर रहा था। छ्माही (सेमेस्टर) परीक्षा चल रही थी इसलिए भाई की सगाई में नहीं आ पाया था। ये अलग बात थी कि परीक्षा खत्म होने के बाद अपनी होने वाली भाभी से ढेर सारे तोहफ़ों के साथ उनके घर जाकर मिल आया।
समय की गति बढ़ती गयी।
वेदिका ने बीए पास कर ली। अब वेदिका के लिए लड़के देखने शुरू कर दिए गए। घरवाले मानने लगे कि क्यों नहीं एक ही मंडप में दोनों बहनों का विवाह कर दिया जाए। घरखर्च भी आधा हो जायेगा और दोनों बेटियों के विवाह जैसे बड़े दायित्व की पूर्ति भी हो जायेगी।
उसी समय पंकज का सरकारी नौकरी में अच्छा प्लेसमेंट हो गया। वेदिका के पिता और परिवार वालों को जानकारी हुई।  इनको भी लगा जब घर में हीरा हो तो बाहर क्यों भटका जाए।
झटपट वेदिका के पिता ने कुसुम के ससुर जी से मिलकर छोटी बेटी के लिए पंकज का हाथ माँग लिया।
उन्हें भी इस बात से क्या एतराज होता कि मनोज के साथ साथ छोटे बेटे का घर भी बस जायेगा ।
उन्होंने पंकज से बिना पूछे वेदिका के रिश्तें के लिए 'हाँ' कर दी।
साथ ही वेदिका के पिता को आश्वासन दिया कि इस बार पंकज जब घर आयेगा तो सगाई के बगैर सीधा शादी तय कर देंगे। आप बस अभी से शादी की तैयारियों में जुट जाइये।
जल्द शादी की तारीख तय कर दी। पंकज को पूर्व सूचना दे दी कि कम से कम पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर आ जाए।
जल्द छुट्टी का आवेदन करके पंकज घर आ गया।  घर में शादी की जोरदार तैयारियां चल रही थी। शाम को पिता ने पंकज को शादी का सैंपल कार्ड दिखा कर पूछा-"तुम देखकर पसंद करके बता देना।  बाद में मत कहना अच्छे नहीं हैं!!!!!
पंकज ने कहा-"पिताजी कार्ड का तो आप भाई से पूछो। उनकी पसंद जरूरी है।
पिता हँसते हुए -"तुम्हारे भाई को कोई भी कार्ड चलेगा तुम अपना देखकर बता दो।  तुम सरकारी अफसर हो गए हो तो बाद में कहोगें पिता ने खुद की शादी का कार्ड तक पसंद नहीं करने दिया।
पंकज सुन कर चौंक गया।  क्या!!!!!!!!मैं कुछ समझा नहीं........बस इतना ही मुँह से निकला।
पिता- इसमें इतना समझने वाली कौनसी बात है। भाई के साथ तुझे भी तो घोड़ी चढ़ना है। तुम्हारी भी तो शादी है।
पंकज - मेरी शादी????? लेकिन पिताजी में अभी शादी नहीं कर सकता।
पिता - बेटे अभी शादी नहीं करनी तो कब करोगें!!!!!तुम्हारी उम्र तक तो हमारे तुम तीनों भाई बहन पैदा हो गए थे। फिर तुम्हारी क्या समस्या है? नौकरी लग गयी है,  ठाठ से शादी करके रहो।  मैं समधी जी को तुम्हारे लिए हाँ कर चुका हूँ।
पंकज - पिता जी आप समझ क्यों नहीं रहे हो।  मैं अभी शादी करना नहीं चाहता।  थोड़ा नौकरी में स्थाईपन आये फिर सोचूँगा।  वैसे मैंने खुद एक लड़की पसंद करके रखी है। मेरे साथ ही पढ़ती थी।  सोचा था भाई की शादी के बाद आप लोगों को बताऊँगा।
पिता - बेटे मैं ज़बान दे चुका हूँ।  उनके यहाँ शादी के कार्ड छप चुके हैं। अब कुछ नहीं हो सकता।
पंकज - पिताजी आप क्यों नहीं समझ रहे मेरी जिंदगी का सवाल है,  मैं ऐसे किसी से शादी नहीं कर सकता।  बस...
पिता ने आगे बिना कुछ सुने वहाँ से चले गए.....
पंकज समझ गया पिताजी अब समझने वाले नहीं है।  उसने अपनी माँ और भाई को समझाने का प्रयास किया।  लेकिन कोई समझ नहीं पा रहा था या समझना नहीं चाह रहें थे। ये कहना मुश्किल था।
स्थिति और भी विकट हो गयी। वेदिका के पिता से बात की गयी।  उन्होंने साफ कह दिया।  अब कार्ड छपने के बाद डोली उठेगी तो दोनों की नहीं फिर एक की शादी हरगिज़ नहीं करूँगा। समस्या और गंभीर हो गयी। जब बड़े भाई ने भी जिद कर ली शादी करूँगा तो सिर्फ कुसुम से ही करूँगा। नहीं तो किसी से भी नहीं।
इस भयावह परिस्थति में किसी को समझ नहीं आ रहा कि करें तो क्या करें।
आखिरकार सबने पंकज से कहा तुम ही इस परेशानी से निकाल सकते हों। पंकज ने साफ कहा मेरा इस शादी से कोई लेना देना नहीं है।  मेरी अगर जबरदस्ती में शादी करवाने का प्रयास किया तो फिर कभी अपना चेहरा दिखाने भी नहीं आऊँगा।
सबने हाथ जोड़ कर कहा - जैसा मन में आये कर लेना।  लेकिन अभी शादी कर लो।  बाद में हम लोग इस मामले को देख लेगें।
अंत में दोनों भाईयों की बारात गयी। शादी हुई।  फेरे लेकर दोनों दुल्हनों को घर ले आये।
ये वेदिका की वही पहली रात थी।  जिसमें भावी जीवन को लेकर अनेक सपने बुने जाते हैं। वेदिका को रिश्ता तय होने के बाद सिर्फ जानकारी भर दी गयी कि बहन के साथ ही जा रही है। सरकारी नौकरी वाले की मैम साहिबा बनकर इतरायेगी।  क्यों हैं न ?!!!!!!! कह कर उसे सहेलियों और भाभियों ने खूब छेड़ा।
वेदिका ने फिर से ये सोच शरमा कर गरदन झुका ली। अचानक ख्याल आया अरे इतना समय गुजर गया उसके कमरे में कोई नहीं आया।
तभी कुछ तेज़ तेज़ आवाज सुनाई देने लगी।  शायद किसी के गुस्से में बोलने या चिल्लाने जैसी आवाज आ रही है।  उसने उठ कर थोड़ा कमरे के दरवाजे तक आकर देखा। आँगन में भीड़ जमा थी।  पंकज अपना बैग उठाये बाहर जा रहा था और उसकी माँ उसको रोकने का प्रयास कर रही थी।  लेकिन पंकज ने बिना रुके और बिना मुड़े हमेशा के लिए जाने का कह चला गया।
वेदिका के लिए कुछ समझ नहीं आने वाली बात थी।  महिलाओं का एक गुट दबी आवाज़ में पंकज का घर छोड़ कर जाने के पीछे वेदिका को असुंदर् करार देकर कारण बताया जा रहा था तो किसी ने लड़की को अपसगुनी भी बताया।
किसी तरह सुबह हुई।  वेदिका को उसके घर भेज दिया गया।  अनन्त काल के लिए।  इस पूरे घटनाचक्र में किसी ने एक बार भी यह जानने का प्रयास नही किया गया कि वेदिका के दिल पर क्या गुजर रही होगी'।  इस बात के एक हफ़्ते बाद ही वेदिका ने इस संसार से विदा ले ली। उसे किस बात की सज़ा दी गयी ये तो ख़ुदा भी उस समय नहीं कह सकता था।
कभी कभी बड़ों का अहंकार और इज़्ज़त इतने मायने हो जाते है कि किसी निर्दोष का गला ही घुट जाता है। कहने को समय बदला लेकिन रूढ़िवादी सोच कब बदलेगी कह नहीं सकते।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Wednesday, June 24, 2020

कहानी - शादी या सौदा?

शादी या सौदा?
संकल्प अपनी नई प्रेमिका को घर छोङ कर दोस्तों के पास गया। सबने उसकी प्रेमिका की सुंदरता की तारीफ़ करते हुए कहाँ -"भाई तुम शादी कब कर रहे हो....तुम दोनों की जोड़ी बड़ी खूबसूरत लगती है। कितने लोग तुमसे जलते हैं। इतनी सुंदर और नौकरीपेशा प्रेमिका मिली है। क्या अच्छी किस्मत पाई है।"
संकल्प मन ही मन मुस्कुराता हुआ बोला-" शादी का बाद में देखा जाएगा। शादी वादी के लिए कौन प्रेमिका रखता है। बस ये तो उम्र और अपने रुतबे की जरूरत है। एक जाएगी दूसरी आ जाएगी। तेरे भाई को इस तरह की लड़कियाँ नहीं चाहिए जो लड़कों के साथ सड़कों पर घूमती फिर रही हो। चाहे वो उसका बॉयफ्रेड ही क्यों न हो। ये टाइम पास के लिए बिल्कुल सही है। मुझे ऐसी लड़कियों से शादी नहीं करनी।.......
दोस्त -" जब शादी नहीं करनी तो तुमने रिया को पिछले सप्ताह शादी के लिए प्रपोज़ क्यों किया था??"
संकल्प -" भाई तू नहीं समझेगा ये लड़कियाँ इतनी आसानी से हाथ नहीं आती है इसलिए इनको भरोसे का थोड़ा लड्डू देना पड़ता है। वैसे भी प्रपोज करने के लिए चाहिए ही क्या ? 20 रुपये वाला एक गुलाब ही काफी है । बस हो गया काम।
दोस्त -" ये तो गलत है भाई, ये तो किसी के भरोसे की बात होती है, एक बार टूट गया तो टूट गया।
संकल्प -" देख तेरे भाई ने अपनी गाड़ी और बॉडी इसी दिन के लिए बना कर तैयार रखी थी। इसका कुछ तो फायदा उठाना ही चाहिए।"..... कहते हुए अपनी गाड़ी में बैठा और फुर्र से धूल उड़ाते हुए निकल गया।
उसके दोस्त उसके रुतबे और टशन की बात मन ही मन सोचते रहे।
छह महीने बाद संकल्प की सगाई का कार्यक्रम था। उसके सभी दोस्त उसमे सम्मिलित होने गए। जब होने वाली भाभी को देखा तो यकीं नहीं हुआ। सांवले रंग, छोटी कदकाठी और वजन में इतनी मोटी की संकल्प से लगभग दुगुनी ही ठहर रही थी। संकल्प पूरा गोरा चिट्टा और अच्छी कदकाठी का लड़का रहा है। लड़कियां इस पर देखते ही जान दे दे इतना अच्छा दिखता था। लेकिन आज ये क्या.... कोई और लड़की नहीं मिली थी इसको शादी के लिए.....
सबने संकल्प को इशारा कर के एक तरफ ले जाकर पूछा भाई ये क्या करने जा रहा हैं। ऐसी लड़की से तू शादी कर रहा है? कुछ तो देख कर शादी करता। तेरी बीवी होगी वो। जीवन भर साथ रहना है। इसका चेहरा देख और अपना चेहरा देख। तू चांद है तो वो अमावस्या....
संकल्प हँस कर बोला- " अरे तुम लोगों को क्या लगता है। मैं क्या बिना सोचे समझे शादी कर रहा हूँ। देख तेरी इस भाभी के फायदे बहुत है। पहली तो इसके कभी कोई बॉयफ्रेन्ड नहीं रहा, न कोई प्रेम प्रसंग। दूसरा जीवन भर मेरी सुनती रहेगी। मेरा घर और बच्चे, माँ बाप को संभालती रहेगी। जॉब तो इसको करना भी नहीं है, मैं खुद यही चाहता हूँ ये जॉब के लिए बाहर न जाए । तीसरा इसके बाप के पास फैक्ट्ररी, पैसा बहुत है। एकलौती बेटी है। सब मेरा ही तो होगा।......शादी में मर्सडीज़ मिल रही हैं। फिर मेरी जिंदगी तो वैसे ही ऐश में चलती रहेगी। बाहर घूमाने के लिए लड़कियों की कमी थोड़ी है।.... तुम लोग चिल् करो.... और भाई की शादी का लड्डू खाओ.....
उसके दोस्त संकल्प की इस बात को सुनकर मुँह ताकते रहे। शादी जैस पवित्र बंधन का ऐसा भी सौदा होता है पहली बार देख रहे थे.....
© डॉ. संतोष विश्नोई

Sunday, June 14, 2020

कहानी - जीवन का दूसरा अध्याय


कहानी - 'जीवन का दूसरा अध्याय'

शिया हैदराबाद से दिल्ली आने के लिए फ्लाइट में बैठी थी। हैदराबाद में उसकी बहन और जीजा जी रहते थे। यहाँ उसे खास मकसद से बुलाया गया था। जीजा जी ने अपने साथ काम करने वाले एक अच्छे और सज्जन लड़के से शादी के लिए मिलवाया था। जिसे उसने टाल दिया था। लड़के ने शिया को सभी शर्तो के साथ अपनाने की बात भी कही थी। फिर भी शिया ने कुछ न कह कर किसी तरह टालमटोल कर दिया। बहन ने समझाया कब तक ऐसे अकेली जीवन बिताएगी। जब कोई तुम्हारा हाथ थामने को तैयार है तो बिना खास वजह के मना करना ठीक नहीं। अतीत तो अतीत होता हैं उसे हम बदल नहीं सकते, कभी न कभी आगे बढ़ना ही होता है। लेकिन शिया कुछ नहीं बोलती। घर वाले उसकी इस दशा से दुखी होते लेकिन कोई क्या कर सकता था।
कुछ दिनों की छुटियाँ उनके साथ बिता कर वो फिर से अपने नीड की और लौट रही थी। दिल्ली में उसकी जॉब थी पिछले 3 सालों से। अपना कैबिन बैग ऊपर जमा कर सीट पर आकर आराम से बैठ गयी। खिड़की की तरफ उसकी सीट थी। अभी बोर्डिंग चल रही थी। लोग अभी आकर अपनी सीट नंबर देख कर बैठते जा रहे थे। शिया अपने पर्स से ईयरफोन निकाल कर गोद में रख लेती हैं। साथ ही अपने खुले बालों को क्लच लगा कर ऊपर की तरह बांध लेती हैं। उसकी सीट बिजनेस क्लास में थी। पहले बोर्डिंग होने के कारण उसने आस पास की सारी सीटे भर गयी थी। लेकिन अभी तक उसके साथ वाली सीट पर कोई नहीं आया था। बोर्डिंग अपने अंतिम चरण में थी तभी एक नवयुवक अपने साथ एक केबिन सूटकेस के साथ दाखिल हुआ। वो लेट था। वो जहाज के दरवाजे पर खड़ा कुछ तर्क दे रहा रहा जिसे शिया स्पष्ट सुन नहीं पा रही थी। केबिन क्रू मेंमर उसको कुछ बोल कर आखिर में फ्लाइट में आने की इज़ाजत दे देते हैं।
वो नवयुवक हाँफते हुए शिया की तरफ आकर, सीट नंबर देख और ऊपर समान जमा पास वाली सीट पर बैठ गया। शिया की नज़र उसकी ओर गयी। किसी संभ्रात घर का लगा। उसकी नज़र भी शिया की तरफ गयी। शिया हल्की सी मुस्कुरा दी। उसके चेहरे पर फीकी सी मुस्कान आयी और पल भर में गायब हो गयी। शिया को वो थोड़ा अशिष्ट सा लगा। उसने अपना ध्यान बंटाने के लिए खिड़की से बाहर देखने लगी।
जहाज अभी जमीन पर ही चल रहा रहा। शिया को हमेशा जहाज में विंडो सीट ही पसंद रही है। जहाज के उड़ने को वो हमेशा चाव से देखती हैं। उसके उड़ान के साथ उसका मन भी कही आकाश में विचरण करता है। उसके जीवन का ये दूसरा हिस्सा था जो वो जी रही थी। कुछ साल पहले उसे आकाश नाम के एक लड़के से इश्क हुआ था, शादी भी की लेकिन ईश्वर को न जाने क्या मंजूर था एक सड़क दुर्घटना में
आकाश को हमेशा के लिए खो दिया था। बच्चे का स्वप्न तो तब तक देखा भी नहीं था। जॉब तो उसके पास थी जिसके कारण वो संभल गयी थी। लेकिन उस खोये हुए रिश्तें की कसक आज भी उसके मन में दबी हुई थी। फ्लाइट में बैठी शिया शून्य में खोयी हुई इस अनंत वायुमण्डल में अपने आकाश की छवि महसूस करने की कोशिश कर रही थी। सुनते हैं न जब अपना कोई खो जाता है तो इसी आकाश में एक तारा बन कर हमेशा के लिए अमर हो जाता हैं। शिया इस ऊंचाई पर आकर कही न कही आकाश के थोड़ा निकट होने का अहसास पा रही थी। यही कारण था वो हमेशा खिड़की वाली सीट पर बैठ कर ही यात्रा करना पसंद करती थी। शिया अपने खयालों में खोई हुई थी कि एयर होस्टेस की मृदु सी आवाज से उसका ध्यान भंग हुआ। परम्परा के अनुसार जहाज में जलपान की व्यवस्था का वितरण हो रहा था। उसने कॉफी और खाने के लिए एक सेंडविच लिया। साथ वाले लड़के ने कुछ लेने से इंकार करते हुए गर्दन झुका कर अपनी आँखे बंद कर ली। शिया ने एक बार उसकी तरफ देखा तभी उसने भी आँखे खोल एक बार शिया की और देखा। शिया ने पूछ लिया-' आप नहीं लेंगे?'
उसने जवाब में कहा -'मन खराब सा हो रहा है, तो नहीं ले रहा।"
'क्या उंचाई की वजह से या फ्लाइट के डर से तो मन खराब नहीं हुआ न। तबियत ठीक है ???"
उसने कुछ नहीं कहा। उसकी चुपी देख कर आगे शिया ने कुछ नहीं कहाँ। उसने चुपचाप अपना नाश्ता खत्म किया। खिड़की की तरफ सर टिका उसी अनंत में फिर से खो गायी।
तभी उसे किसी की सिसकने की आवाज आयी। उसका ध्यान टूटा तो उसने पास बैठे उस लड़के की और देखा। हाँ वो ही रो रहा था। बहुत धीरे से। शिया ने इससे पहले कभी किसी पुरुष को रोते नहीं देखा था। उसके लिए अब संकट आ खड़ा हुआ। लड़के की आँख बंद थी, वो अंदर ही अंदर रोने को छुपाते हुए था, फिर भी रूलाई के आवेग से एक हल्का सा गहरा साँस रह रह कर उठ जा रहा था। उसे नहीं पता था शिया को उसके इस बात का ज्ञान हो गया। शिया को लगा बात कुछ तो गम्भीर है नहीं तो कोई इस तरह अपने ऊपर नियंत्रण नहीं खोता। कही सच में तबियत खराब तो नहीं हो रही। शाम का समय होने के कारण फ्लाइट में इतनी अधिक रोशनी नहीं थी कि कोई दूसरा उसके आंसू देख पाते। शिया को कुछ समझ नहीं आ रहा था। कही पूछ कर किसी के दर्द को और कुरेदने जैसा न हो जाए।
 थोड़ी हिम्मत कर के उसने पानी का बोतल उसकी और बढ़ा कर पूछा-"तुम ठीक हो?"
उसने हड़बड़ाते हुए एक लम्बी साँस ली और शिया के हाथ की बोतल ले पानी पीने लगा। एक ही साँस में उसने आधा बोतल पानी पीकर थोड़ा सामान्य होने का प्रयास करने लगा।
उस नवयुवक ने कहाँ -"माफ कीजिए, मेरी वजह से आप यदि परेशान हुई हो।
शिया -" नहीं ऐसी बात नहीं है। शायद आपका मन खराब था। अच्छा है मन हल्का हुआ होगा।..... आप अब ठीक है न?.... मुझे सच में नहीं पता आपको क्या समस्या हो रही है? अन्यथा आपकी कोई मदद कर पाती।
उस नवयुवक ने कहाँ - " आप मेरी मदद नहीं कर सकती, यहाँ तक कि कोई भी मेरी मदद नहीं कर सकता। ... मेरे पिता जिनसे में हमेशा दूर और कटा कटा ही रहा, आज मुझे छोङ कर चले गए।... आज पता चला उनके होने का अर्थ क्या था।... जब वो जिंदा थे मैं एकमात्र सम्पति के रूप में एक घर था जिसमे वो रहते थे उसे बेचना चाहता था। पिता ने जीते जी उसे बेचने नहीं दिया था। उनके जाने के बाद मैं खुशी खुशी उस घर को आज बेचने गया था। कबाड़ के तौर पर समान निकाल कर फैंकना चाहता था। जब समान को देखा तो पता चला वो तो मेरी हर याद को संजो कर रखे हुए थे। उनका तो वहाँ कुछ भी नहीं था। मेरी बचपन की टूटी हुई साईकिल से लेकर पुरानी पेन तक। ... हर जगह मेरा ही समान था। आज पता चला एकलौते बेटे होने के बाद पिता को मैंने तो भुला दिया लेकिन उन्होंने तो मुझे हर जगह जीवित रखा। माँ के जाने के बाद शायद ही मैंने ठीक से उनसे बात की हो। उनकी नसीहते उपदेश लगते थे। उनका टोकना बंदीशे। इन बंदिशों को तोड़ कर बहुत पहले मैं चला गया था।... उनकी मौत की खबर से भी उतना फर्क नहीं पड़ा था।... सोचा सबको एक दिन जाना ही होता है। ये भी चले गए।... पर आज जब घर होकर आया तो पता चला उनका जाना साधारण जाना नहीं था।...घर के कागज़ातों के साथ आदतन उनका लिखना एक सीख दे गया -"किसी के जाने से जिंदगी रूकती नहीं, अपनी जीवन की रफ़्तार को मेरे लिए थमने न देना।....
शिया की आंखें भी इस अंतिम पंक्ति को सुन कर नम हो गयी। उसने अपने आँसू छुपाने के लिए चेहरा दूसरी और मोड़ लिया। सामने फैले उस अनंत क्षितिज में आकाश का धुंधला सा चेहरा नज़र आने लगा था। लगा आकाश भी यही कहना चाहता हो --------"किसी के जाने से जिंदगी रूकती नहीं, अपनी जीवन की रफ़्तार को मेरे लिए थमने न देना।....
तभी विमान दिल्ली के चक्कर लगाते हुए धरती की और आने लगा जैसे उसको भी जीवन की एक नई राह दिखाना चाह रहा हो। जहाँ उसके जीवन का नया अध्याय शुरू होना था। उसके परिवार वाले भी तो उसकी इसी बात से चिंतित थे। उसने जहाज से उतर कर उस नवयुवक को धन्यवाद ज्ञापित कर अपनी बहन को फोन कर रिश्तें के लिए हाँ कह दिया।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Wednesday, June 10, 2020

कहानी - रिश्तों का फ़र्ज़

कहानी - रिश्तों का फ़र्ज़

डॉ. स्नेहा का इस साल एमबीबीएस के फाइनल एग्जाम का रिजल्ट आ गया था। उसके सभी साथी आगे के सुनहरे भविष्य पर विचार कर रहे थे। कोई प्राइवेट प्रैक्टिस करने की बात करता है तो कोई गर्वमेंट क्षेत्र में जाने की बात। कुछ तो साथी डॉक्टर से शादी कर के एक साथ क्लिनिक खोलने पर भी विचार कर रहे। एमबीबीएस की डिग्री ही ऐसी है कि उसको करने के बाद हर कोई सुनहरे सपने देखता ही हैं। सबकी सोच के विपरीत स्नेहा ने अपनी नौकरी की पोस्टिंग गाँव में करवाई। सबको बड़ा आश्चर्य हुआ। शहर में एक डॉ. के लिए आमदनी के अनेक स्रोत होते हैं। गाँव मे उतना अवसर नहीं मिलता।
गाँव के अस्पताल में आज उसने पहला कदम रखा। कल ही उसकी पोस्टिंग इस गाँव में हुई है। गाँव में पिछले कई सालों से कोई डॉक्टर नहीं आया था। सब इलाज के लिए दूर एक प्राइवेट अस्पताल जाते थे। स्नेहा ने खुद इस गाँव को चुना था। जिसके पीछे एक राज था। ये वही अस्पताल है जहाँ उसका जन्म हुआ और उसकी माँ ने उसे पैदा करते ही दम तोड़ दिया। उसका बचपन बाकी बच्चों की तरह सामान्य नहीं रहा था। जब स्नेहा पैदा हुई उसी दिन प्रसव पीड़ा से ही उसकी मा की साँसे थम गयी थी।  एक तो लड़की और उस पर अपनी माँ को जन्म लेते ही निगल जाने वाली बात का आक्षेप लगा। उस बच्ची को न जाने कौन से गुनाह की सज़ा मिली। दादी ने उसे अपशकुनी मान कर उसे छुआ तक नहीं। बस एक बुआ थी जो घर में विधवा होने के कारण यही रहती थी। विधवा कोटे से उसे स्कूल की नौकरी मिल गयी थी। उसने स्नेहा को थाम लिया।
जैसे तैसे उसको घर तो ले आये लेकिन दो ही महीने बाद उसके पिता का दूसरा विवाह कर दिया गया। सौतेली माँ को भी स्नेहा फूटी आँख पसंद नहीं आती। इस घर में बुआ के बाद सिर्फ दादा ही थे जो उस बच्ची का चेहरा देखते तो आँख में उस आभागी के लिए आँसू आ जाते थे। दादी के खौफ और डर की वजह से दादा ने भी अपना प्यार कभी जगजाहिर नहीं होने दिया।
उसकी सौतेली माँ के भी बच्चे हुए ऐसे में स्नेहा के लिए उस घर में कोई खास महत्व नहीं रह गया था। उसके हिस्से में दो वक्त की रूखी सुखी रोटी ही नसीब आती गयी। और कपड़ों के नाम पर साल में एक आधे पुराने दे दिये जाते थे। समय के साथ स्नेहा बड़ी होती गयी।
स्नेहा एक मिलनसार और बेहद मीठी बोलने वाली लड़की थी। पढ़ने में भी काफी कुशाग्र थी। वो सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती। उसके छोटे भाई बहन पब्लिक स्कूल में जाते। स्नेहा को इस बात से कोई शिकायत नहीं थी। स्कूल से आने के बाद वो घर के कामकाज़ में भी मदद करती थी। उसको अपने छोटे भाईयों  से लगाव भी था।
उसकी सारी खूबियाँ उसकी माँ के लिए आँख की किरकिरी बनी हुई थी। उसका बस चलता तो वो स्नेहा को घर से निकाल देती। लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकी। आखिर उसने एक उपाय सोचा। स्नेहा का छोटी उम्र में विवाह करने के लिए घर वालों के खिलाफ दबाव बनाया। स्नेहा के पिता और दादी को कोई ऐतराज़ नहीं था। उसके दादा ने दबी जुबाँ से मना भी किया तो उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। बस एक बुआ थी। वो खुद महिला होने के नाते परिवार पर आश्रित थी। उनका मन स्नेहा के प्रति लगाव रखता था। लेकिन घर में  उनकी एक नहीं चलती थी।
ऐसे में जब स्नेहा के लिए रिश्तें देखे जाने लगे तो उनको बड़ी चिंता हुई पर कहे तो किसको कहे!!!!
आखिर एक दिन अपने पिता से मौका देख कर बोला-" स्नेहा का कच्ची उम्र में विवाह करना ठीक नहीं है पिता जी, उसकी जिंदगी खराब हो जाएगी।"
"ह्म्म्म, सही कह रही हो। लेकिन तुम्हारी माँ और भाभी के आगे मेरी कौन सुनेगा। मुझे तो उस बिन माँ की बच्ची पर बड़ी दया आती है। अभी तेरह साल की उम्र हुई है और ये लोग उसे कुंए में धकेलकर जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहते हैं।..... "
"ऐसे में क्या किया जाए, तुम ही बताओ।" दादा जी के आँखों में पानी तैरने लगा।
पिता जी, स्नेहा को इस नरक से दूर भेजना होगा।.. यहाँ रही तो हम कुछ नहीं कर सकते।.... "बुआ ने जवाब में कहा।
दादा जी को एक उपाय सूझा बोले मेरे एक दोस्त है। जिसके बच्चे बाहर पढ़ते हैं क्यो न उससे बात करू कुछ उपाय हो सके और कोई रास्ता निकले। बुआ ने कहा जो करना है जल्दी करे।
दादा जी ने दोस्त से बात की और अपनी असहाय स्थिति का हवाला भी दे दिया। दोस्त ने स्नेहा को दूर बोर्ड में किसी हॉस्टल में रख कर पढ़ाने की सलाह दी।
बुआ और दादा जी ने बिना घर पर बताए स्नेहा का एडमिनशन करवा कर किसी बहाने से उसे भेज दिया। स्नेहा अपनी नयी दुनिया में आ गयी। हॉस्टल में रह कर पढ़ने लगी। यहाँ आने के बाद वो कभी घर नहीं गयी। साल में एक दो बार बुआ उसको देखने आ जाती थी बस।
समय के साथ वो समझदार और बड़ी होती गयी।आगे चल कर मेडिकल कॉलेज में वजीफे के साथ एडमिशन हुआ। मेडिकल के पाँच साल के दौरान उसके दादा जी की मृत्यु हो गयी। बुआ भी बीमार रहने लगी।
उसके पिता और सौतेली माँ को उसके होने न होने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता था। उनके लिए तो वो तभी मर गयी थी जब वो घर से पहली बार पढ़ने बाहर गयी थी।
इन पांच साल में उसकी पढ़ाई चलती रही थी।
आज वो उसी गाँव के अस्पताल के प्रांगण में खड़ी थी।
.
.
कुछ दिनों बाद हॉस्पिटल में एक क्रिटिकल केस आया। एक आदमी के साथ महिला आयी हुई थी। उनका एक बच्चे का ऑपरेशन करना था। प्राइवेट हॉस्पिटल में उसके लिए 15-20 लाख का खर्चा बताया तो वो सरकारी अस्पताल में आये। साथ में उनकी दादी भी आयी थी रोती बिलकती। डॉक्टर ने बताया कि आपको अपनी बारी आने तक रूकना होगा। पहले से ही बहुत सारे मरिज़ो की लाइन लगी है। तभी डॉक्टर स्नेहा अपने केबिन की ओर जाते हुए उसकी नज़र उस परिवार पर पड़ी। उसने अपनी दादी और पिता को पहचान लिया था। उसने नर्स से फाईल मंगवाई और केस देखने लगी। केस काफी क्रिटिकल था। एक बार तो मन में आया वो चाहे तो इस केस को न लेकर अपना पुराना मन का बदला ले सकती हैं। तभी उस भीड़ में वो महिला केबिन में आयी और स्नेहा से हाथ जोड़ कर कहने लगी। बेटी मेरे बच्चे की जान बचा लो। मेरा एकलौता बेटा है.... उसने सब ठीक होने का आश्वासन दिया।
उसने वो केस अपने हाथ में लिया। सर्जरी हुई। उस बच्चे की जान बच्चा ली गयी। दो दिन के बाद घर जाने की छुट्टी दी। डॉ. स्नेहा ने उनका सारा बकाया पता कर के सूचना कहलवा दी की वो उन लोगों से कोई फीस का पैसे नहीं ले।  बकाया बिल मेरे पास भिजवा दे। नर्स ने बिल लाकर डॉ. स्नेहा को साइन करवाने आयी। नर्स ने पूछ लिया - " मैम आपके रिश्तें में कुछ लगते थे क्या??
डॉ. स्नेहा ने रूक कर नर्स को देखा और बोली हाँ। नर्स के जाने के बाद मन ही मन में कहाँ - आसान तो नहीं होता किसी भी रिश्तों को परिभाषित करना। फिर भी आज उनकी बेटे की जान लौटा कर एक डॉक्टर होने के साथ साथ बेटी होने के अपने फ़र्ज़ को भी अदा किया।
© डॉ. संतोष विश्नोई, सहायक प्रोफेसर, कॉलेज शिक्षा, दिल्ली-एनसीआर

Monday, June 1, 2020

कहानी - ईमानदारी की मिशाल

'ईमानदारी की मिशाल'

ईश्वर कभी कभी अनजाने में ही अपने हाथों से कुछ ऐसे काम करवा देता है कि यकीं करना मुश्किल होता है। बात उन दिनों की है जब बैंकों में सीसीटीवी कैमरा और रुपए गिनने की मशीन नहीं हुआ करती थी । गोपाल जी एक सरकारी बैंक में काम करते थे। एक बार यह हुआ बैंक में बहुत भीड़ थी। सबको पैसे हाथ से गिन कर दे रहे थे। शाम को काम निपटा कर बचे हुए कैश को लॉकर में रखना होता था। जब बचे हुए रुपयों को गिना गया। बीस हज़ार कम पाए गए।  गोपाल जी बड़े चिंतित हुए बीस हज़ार बहुत छोटी रकम नहीं थी। लेकिन उसका हिसाब ही नहीं मिल रहा था। क्या किया जाए, कुछ समझ में नहीं आ रहा था।  दिन भर का कैश अपने हाथ से दिया था। फिर गड़बड़ कैसे हुई?  बैंक बंद होने का समय हो रहा था।  वे इसी उधेड़बुन में काफी देर बैठे रहें। अपने कैरियर में आज तक ऐसा नहीं हुआ था, इस बार उनसे यह गलती कैसे हो गई!!!!!
बैंक बंद करके घर चले गए किंतु उनका मन घर जाकर भी शांत नहीं हुआ। हो ना हो किसी को बीस हज़ार गलती से ज्यादा दे दिए हो। अब उनकी सैलरी  से ही उन्हे जमा कराना था।
......
इस बात को दो महीने हो गए। एक दिन पास ही के गाँव का एक किसान आया।  पूरे बीस हज़ार रूपये गोपाल जी के सामने टेबल पर रख दिए। गोपाल जी ने उनसे पूछा जमा करने है?
किसान - नहीं,  ये आपको वापस लौटाने आया हूँ।
गोपाल जी को कुछ समझ नहीं आया।  वो बोले - लेकिन मैंने तो आपको कभी पैसे नहीं दिए थे.... फिर ये????
किसान - श्रीमान हो सकता है आप भूल रहे हो.... अभी 2 महीने पहले की बात है।  मेरी बेटी की शादी थी।  बैंक में डेढ़ लाख रुपये  जमा थे। वही लेने आया था। आपने 1,70,000 रुपये मुझे दिए थे। मैंने घर जाकर देखा था। बिटिया की शादी थी तो वापस उसी समय शहर नहीं आ सकता था। फिर मुझे पैसों की बहुत जरूरत  भी थी।  ईश्वर ने मेरी मुराद पूरी कर दी। उन पैसों को उस समय मैंने बिटिया की शादी में खर्च कर दिया। माफ करना साहब, मुझे फिर से पैसे जुटाने में 2महीने लग गए।। हम गरीब जरूर है लेकिन चोर नहीं है। आपके पैसे तो लौटाने ही थे न!!!!
गोपाल जी ये सोचकर मुस्कुराने लगे कि इस कलियुग में एक सच्चे मेहनत करने वाले इंसान में अभी भी ईमानदारी बची है।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Tuesday, May 26, 2020

कहानी - मिट न सके वो फ़साने

कहानी - "मिट न सके वो फ़साने"


निशा के जिंदगी में निखिल एक ऐसा नाम है जिसे वो आज तक भूला नहीं पायी। एक दिन उसकी दोस्त कोमल का जन्मदिन था। उसी पार्टी में निशा ने पहली बार निखिल को देखा था। उसके घुंघराले बाल और सौम्य सी मुस्कुराहट पहली नज़र में किसी को भी अपने मोह में बाँध सकती थी। कोमल के दफ्तर में साथ काम करता था। थोड़ी सी हाय! हैलो हुई। थोड़ी देर बाद निशा हॉल के शोर से दूर खुली हवा में साँस लेने के लिए बालकनी में आ गई।
निशा लोगों से जल्दी घुलती मिलती नहीं है। शायद यही कारण था उसके ज्यादा मित्र नहीं थे। जिनको अकेले रहने की आदत सी होती हैं वो थोड़ी देर में भीड़ से भागने को हो जाते हैँ। निशा ऐसी ही किस्म की लड़की थी।
बालकनी में संगीत की आवाज तो आ रही थी लेकिन थोड़ी कम। बहुत बड़ी बालकनी नहीं थी। फिर भी वहाँ से आस पास का नज़ारा इतनी रात को भी खूबसूरत लग रहा था। रात के करीब 11बज रहे होंगे। निशा का मन रात को आने का नहीं था लेकिन उसके बार- बार आने के लिए किया गया आग्रह को मैं टाल न सकी और उसे उसके घर आना पड़ा।

कोमल एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती हैं। स्वभाव से वो सबसे घुलने मिलने वाली और बातूनी हैं।
यहाँ गुडगाँव में कोमल ने एक अच्छी सोसाइटी में अपना खुद का 2बीएचके का फ्लैट ले रखा था।
आज उसके जन्मदिन पर सभी उसके ऑफिस से साथ काम करने वाली लड़कियाँ और लड़के आये हुए थे। एक निशा ही अलग थी। कोमल अपनी मेड के साथ मिल कर सबको बड़े प्यार से खिला पिला रही थी।
निशा कोल्ड ड्रिंक हाथ में लिए बालकनी में खड़ी थी। तभी निखिल उसी बालकनी में आया। वो अंदर के संगीत से दूर शायद फोन करने आया था। लेकिन निशा को खड़ा देख कर अचकचा कर फोन जेब में रख लिया।

"आप यहाँ अकेले"???निखिल ने पूछा।

"हाँ ऐसे ही। मन किया थोड़ी देर खुली हवा में साँस लेने का।..." निशा ने जवाब दिया।

"क्या मैं भी थोड़ी देर यही खड़ा रह सकता हूँ?"निखिल ने मुस्कुराते हुए पूछा।

"क्यों नहीं। " निशा बोली

"आप टीचर हैं। हैं न"?? निखिल ने पूछा।

हाँ, एक स्कूल में पढ़ाती हूँ।" निशा ने सरल सा जवाब दिया।

अच्छा, ये तो बहुत अच्छी बात है। बचपन में कई बार में भी सोचता था बड़ा होकर अध्यापक बनूंगा। लेकिन नहीं बना..... । निखिल बोलते बोलते रूक गया।

ऐसा क्यो। आप बनना चाहते थे तो बन सकते थे? फिर क्या हुआ....निशा ने जिज्ञासावश पूछा।

निखिल ने बड़े आराम से कहाँ - मेरे पिता खुद अध्यापक थे। बस.... मुझे उन जैसा नहीं बनना था.....!!

"मैंने अक्सर सुना है एक बच्चा हमेशा अपने पिता जैसा बनना चाहता है। फिर आप इतने अलग क्यो? कोई कारण तो होगा।?? ... "
मैं जैसे सचमुच जानना चाहती थी।

निखिल - "सच बताऊँ"??

"हाँ।" निशा ने कहा।

मेरे माँ और पिता में आपस में कभी नहीं बनी। दोनों हमेशा लड़ते रहते थे। मैं और मेरी बहन दो बच्चे भी थे। फिर भी दोनों एक दूसरे को बिल्कुल भी पसंद नहीं करते थे। इस पसंद - नापसंद में ना ही माँ का ध्यान हमारी तरफ था ना पिता का। घर में हमारे होने ना होने से उनके बीच की तकरार और लड़ाई में कभी कोई फर्क नहीं पड़ा। . ..
वो दोनों एक दूसरे के लिए नहीं बने थे। ...
 पता नहीं फिर भी वो दोनों एक घर में क्यों रहते थे।
शायद हमारा समाज बच्चों के होने के बाद कैसे भी एक साथ रहने को मजबूर करते हैं या उन दोनों में ही हिम्मत नहीं थी कि दोनों अलग होते।

फिर एक दिन


मैं और मेरी बहन स्कूल गए।

वापस आये तो किसी ने घर का दरवाज़ा नहीं खोला। मुझे और मेरी बहन को समझ नहीं आ रहा था। क्या किया जाए।
दरवाज़े के सामने बैठे रहे कुछ देर।
फिर किसी की नज़र पड़ी तो हमसे बाहर बैठने का कारण पूछा।
थोड़ी देर में सारा मोहल्ला हमारे घर के सामने उमड़ आया।
जैसे तैसे दरवज़ा तोड़ कर अंदर गए। जिसने भी
देखा सबके चेहरे का रंग उड़ गया। सामने माँ खून से सन्नी हुई बेड पर थी। दूसरे कमरे में पिता फाँसी के फंदे पर लटके हुए।
ज्यादा कुछ तो समझ नहीं आया पर पहली बार माँ पिता को चुप देखा था। एकदम चुप, चारों तरफ शांति .....नहीं तो लड़ना ही खत्म नहीं हुआ था कभी... पिता ने मेरी माँ को खत्म कर खुद ने भी फाँसी लगा ली थी..... निखिल बोलते बोलते थम गया।

एक नज़र निशा को देखा और अपने आप को फिर उसी संगीत की धुन में रमाने चला गया।

उसके इस तरह से चले जाने के भाव से निशा एक बारगी दहल गई। बस मन ही मन सॉरी बोल पाई। उसके बाद निशा का गला रूँध गया।

थोड़ी देर बाद निशा हिम्मत कर के उसी हॉल की और बढ़ीं। निखिल सबके बीच में बैठा ठहाका लगाता हुआ धुन पर थिरक रहा था।

निशा ने उसे मुस्कुराता देख चैन से साँस ली। पहली बार अहसास हुआ एक बच्चा सच में पिता के जैसा नहीं बने तो वो अच्छा है। इस जिंदादिल इंसान के अंदर वही बच्चा बना रहे जो कहीं बचपन की उस एक घटना से एक ही दिन में बड़ा हो गया होगा। लेकिन उसकी मुस्कुराहट निशा को अब भी संतोष दे रही थी कि नहीं वो बच्चा अब भी जिंदा ही है।
इस आखिरी मुलाकात के कुछ समय बाद निखिल ने शहर बदल लिया। निखिल बस निशा की यादों में रह गया। क्या पता जिन्दगी के किसी मोड़ पर उससे फिर मुलाकात हो...

©डॉ. संतोष विश्नोई

Wednesday, May 13, 2020

कहानी - अमानत

कहानी - *अमानत*


चेतन सरकारी महकमे में उच्च अधिकारी है। अभी उसकी नियुक्ति दिल्ली के गाजियाबाद में है। उसके माता पिता गाँव में ही रहते हैं। चेतन ने शहर में रहते हुए ही अपनी पसंद की लड़की से शादी कर ली थी। उस लड़की को गाँव कभी पसंद ही नहीं था तो कभी गाँव आयी ही नहीं। बच्चे भी हो गए। जब भी चेतन गाँव आता तो अकेले ही आता था। कहता था बीवी बच्चे शहरी आबो- हवा के है गाँव की गर्म सर्द हवा उन्हे बीमार कर देगी। मुझे आने देते है वही गनीमत समझो।
चेतन ने अनेक बार माता - पिता को ही शहर आने का आग्रह करता था - शहर आ जाओ। ठाठ बाट से रहो। जीवन भर बहुत मेहनत कर ली। अब बेटे- बहु और पोते पोतियों के साथ सुख से भगवान का भजन करते हुए बिताओ।

 अब गाँव का घर भी जर्जर हो गया है। उसे कहाँ तक मरम्मत करवाते रहेंगे। जिस खेत खलिहान का मोह लिए आप लोग बैठे है अब इस उम्र में कहाँ कुछ होता है। आप चले आएंगे तब भी काम खुद ब खुद हो ही जाएगा। अब इस बुढ़ापे में कितनी ही तरह की बिमारियाँ घर कर जाती है। गाँव में कोई अच्छा अस्पताल और डॉक्टर की सुविधा तक नहीं है। मैं खुद काम छोङ कर कब-कब आप लोगों को देखने आ पाऊंगा। अच्छा तो यही होता न कि आप लोग हमारे साथ ही चलो।

लेकिन बुजुर्ग कहाँ कुछ सुनते हैं। वे अपनी उसी मिट्टी और आबो- हवा में रहना पसंद करते हैं। सुबह सवेरे ब्रह्म मुहुर्त में उठना, कई किलोमीटर की सैर करना। वही किसी बबलू या नीम की डाली से दंत मंजंन कर आना। सैर से आते हुए दुध ले आना। नहाना, फिर मंदिर जाकर पंडित और भगवान का हालचाल ले आना। पक्षियों को दाने डालकर आना। घर आकर दही - दूध के साथ रात की बची हुई रोटी का नाश्ता करना।
ये सब शहरों में कहाँ संभव है। शहरों की सुबह कहाँ होती है?? सीधी एक-दूसरे से आगे निकल जाने की दौड़ शुरू होती है। ब्रह्म मुहुर्त में तो वहाँ के कुत्ते भी नहीं उठते। बच्चों को स्कूल जाने की, बड़ो को ऑफिस जाने की जल्दी।

दुनिया की रफ़्तार में सब कहीं खो से जाते हैं। शाम को थके मांदे घर आकर भी बच्चे अपनी किताबों और मोबाइल में गुम हो जाते हैं। वही घर के बड़े सदस्य खाने पीने और घंटो अपने अपने दोस्तों से चैटिंग, बाते करते हुए सो जाते हैं। एक घर में रहते हुए भी सबकी अपनी दुनिया। प्राइवेसी का लेबल लगा कर रिश्ते जीते हैं। सिर्फ रविवार का दिन उनके लिए अपना होता था।

पिता और माँ दोनों बेटे की चिंता समझते थे । समझाते हुए बोले - जब तक शरीर चल रहा है तब चला रहे है, नहीं चलेगा तो तुम्हारे पास ही आना है। बेटा गाँव में हम अकेले कहाँ है? दिन में पचासो जानने के, हालचाल लेने आते -जाते रहते हैं। फिर गौरी (गाय), कालू (गली का कुत्ता), भूरी ( बिल्ली) हीरा (तोता) भी तो है। थोड़ी सी खाने देने में देर हुई नहीं कि सारा घर चिल्ला चिल्ला कर सर पर उठा देंगे।
बेटा तर्क वितर्क की बात सोचता हैं। लेकिन बड़े बूढ़े लोग तर्क से नहीं चलते। उनके लिए जैसे इंसान वैसे ही पशु - पक्षी। बेजुबान होकर कुछ कह नहीं सकते तो क्या हुआ, इंसान का फ़र्ज़ है वो इनको खाने का देकर खुद आये।

बेटे के लिए उनके द्वारा दिये जाने वाले तर्क फ़िज़ूल से लगे। ये क्या बात हुई पचासों आदमी रोज घर आने से उनके आवभगत ही करते रहो, खुद आराम कब करेंगे। फिर गाय कौनसी आपको अब दुध दे रही हैं, घर से निकाल दो। गली के कुत्तों, बिल्ली के लिए सुबह शाम खाना बनाने और खिलाने के लिए आपको कौन कहता हैं?

आखिर थक हार कर बेटा ही बोलता ठीक है, जहाँ मन है रहिए। बीच बीच में मिलने आ जाया करूँगा। आप लोगों का मन हो तो कभी चल दिया करना। माता- पिता भी सन्तुष्ट हो जाते।
.
.
काफी समय बीत गया।
.
.
एक बार बेटे के पदोन्नति पर शहर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया तो उनके लिए भी बुलावा आया। माता पिता ने इसी बहाने से एक बार शहर जाकर परिवार से मिल आने की इच्छा को रोक नहीं पाए। जाने की तैयारी में सबसे पहले काम में गौरी, कालू, भूरी और हीरा के खाने की जिम्मेदारी बाँटी गई। खेत से ताज़े गन्ने, बेर और मीठे तरबूज छांट छांट कर पोटलियो में बाँधे जाने लगे। घर का देशी घी भी एक कंस्तर में साथ रख दिया। बाजार से दो जोड़ी सफेद धोती खरीद कर ले आये। नये जूते भी गंठवा कर मंगवा लिए गए। पूरे गाँव में आग की तरह ये बात कह दी भी आखिर पहली बार बेटे के पास जा रहे हैं। जिस दिन शहर के लिए निकलना था कुछ गाँव वाले भी बड़ी प्रसन्नता से उन्हे छोड़ने गाँव के बस स्टैंड तक साथ आये।
गाँव से बस में बैठ शहर की ओर चले।
शहर पहुँच कर इन्होंने बेटे को फोन कर दिया। जैसे पहले ही बेटे का निर्देश था कि एक बार पहुँच कर कॉल कर देना। गाड़ी भेज दूंगा। थोड़ी देर में उन्हे लिवाने के लिए बस स्टेशन ड्राइवर के हाथ एक गाड़ी भेजी। अपनी छोटी मोटी 5-7 पोटलियाँ गाड़ी में जमा, खुद बैठ गए। ड्राइवर को भी एक बार आश्चर्य हुआ ये लोग साहब के कौन लगते होंगे। गाड़ी उनको लेकर चली। घर के सामने जाकर रुकी। बच्चे गाड़ी रुकने की आवाज सुन कर ताली बजा बजा कर चिल्लाने लगे - मम्मी देखो दादा - दादी आ गए।
 बहु जल्दी से घर के बाहर कदम रखती है। तब तक बच्चे अर्द्ली के साथ गाड़ी के सामने पहुँच चुके थे। अर्द्ली सामान की और ताकने लगे। गाड़ी से उतारने वाले सामान में कोई सुटकेस या बैग दिखाई नहीं दे रहा था। यहाँ तो छोटी - मोटी गठरी और पोटली ही दिखाई दे रही थी। कपड़े की बनी पोटलियाँ, चिकट और मटमैली सी। एक बारगी अर्द्ली उन पोटलियों को देखता है, फिर दूसरी और मालकिन की ओर। असमंजस की स्थिति में कुछ देर खड़ा रहता हैं।
उधर मालकिन के रूप में खड़ी बहु उनको देख कर हक्की बक्की सी हो जाती है। वो सामने का दृश्य देखने लगती है।

दादा - दादी गाड़ी से उतर वही बच्चों से लिपट जाते हैं। अपने असीमित प्यार को लूटाते हुए अपने पल्लू में बंधी (गर्मी से थोड़ी पिघली )टॉफी देते हुए बड़े प्यार से हँसते हुए बलाये लेने लगते हैं। आस पास के सभी लोग उनकी वेशभूषा देख कर चकित की मुद्रा में ताक कर मुस्कुरा रहे हैं। उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं। भई, पहली बार अपने पोते पोतियों को देख रहे हैं।
अरे, अरे ये क्या कर रहे हो। ... ये गंदी टॉफियाँ खाकर बीमार पड़ना है क्या???... बोलते हुए बहु सामने से आयी। बच्चों के हाथ से टॉफियाँ छीन कर सामने गली में ही फैंक दी। और आया (नौकरानी)को आवाज़ देकर बच्चों के हाथ मुँह साफ करवाने का निर्देश दिया।
सास - ससुर की ओर मुखातिब होकर बोली - ये तो बच्चे हैं, आप लोग तो समझदार है न। आपको तो पता है न इस तरह की खुली टॉफियाँ कितनी अनहाईजिनिक होती है। चलिए अंदर। हाथ मुँह धो लीजिए। दूर से आये हुए है थकान हो गई होगी।
पति - पत्नी ने एक - दूसरे की और देखा। बेटे के घर में ऐसा स्वागत । लेकिन मौन रहे। बस बिना कुछ बोले एक बार सामान की ओर देखा। एक-दो पोटली को हाथ लगाया । बहु ने देखा तो बोली आप अंदर आइए सामान अर्द्ली ले आएगा। दोनों बिना कुछ कहे बहु के पीछे पीछे चलने लगे।
आलीशान भव्य कोठी। जगह जगह गमले रखे हुए थे जिनमे तरह तरह के फूल खिले हुए थे। सामने हरी दूब का खूबसूरत लॉन। लॉन में ही एक खूबसूरत सा झूला रखा हुआ था। घर के अंदर हॉल में बड़ा सा कालीन।
हॉल की गैलरी से होते हुए वो उन्हें पीछे की और एक कमरे की और ले गई। बोली ये है आपका कमरा। सामान यही भिजवा देती हूँ। आप कमरे में जाइये और हाथ मुँह धोकर फ्रेश हो जाओ। बाथरूम कमरे के अंदर ही बना हुआ है।

सब समझा कर बहु हॉल में आयी। सामने छोटी मोटी पोटलियों को देख कर एक बारगी आश्चर्य और खीझ दोनों एक साथ उठी। झलाते हुए अर्द्ली को बोली ये यहाँ क्यों फैला कर रखी है। जाओ पीछे उनके कमरे में रख कर आओ। क्या अजीब आफत है। राजीव भी बुलाने से पहले उन्हें बता नहीं सकता था कि सभ्य लोगों की तरह आना। शहर में कौन पोटलियों में भर कर समान और कपड़े लाता हैं। सब लोग देखेंगे तो क्या कहेंगे। खुद का ना सही कम से कम बेटे के रुतबे का ही ख्याल रख लेते। हुह्ह!........
बड़बड़ाती हुई रसोई की तरह चली।
.........
कमरे के अंदर जाकर पति-पत्नी ने देखा सोने के लिए एक बेड, बैठने के लिए कुर्सी सब करीने से लगी हुई थी। रमेश जी कुर्सी पर आस पास की चीजों को मुआइना करते हुए बैठ गए। उनकी पत्नी वाशरूम में चली गई। वापस आयी। तब तक सामान की सारी पोटलियाँ भी कमरे में आ चुकी थी।
उनकी तरफ एक नज़र फेर, पति की और देख कर बोली - जो सामान लाये हैं वो निकाले? तरबूज और बेर ताजे अच्छे लगेंगे बच्चों को???
पति - रहने दो, उन्हें गाँव की देशी चीज़े खायी नहीं है, नहीं पचेगी तो पेटदर्द हो सकता है।
हुह्ह, ये बात तो है। लेकिन उनका करेंगे क्या? इतनी दूर से लाये तो उनके लिए ही थे न!! पत्नी बोली।
तभी एक खानसामा के हाथ से बहु ने चाय और बिस्कुट भिजवा दिये। खानासामा को देख कर रमेश जी पूछ पड़े -"कौन गाँव के हो भई! यहाँ कैसे रहते हो??
खानसामा को बड़ा अच्छा लगा किसी ने तो उसके गाँव का पूछ कर अपनापन सा जताया। खुशी से बोला- बिहार के बलिया से है। यहाँ साहब के नौकर है तो पत्नी और बच्चन को यही ले आये है।
अच्छा! कितने बच्चे है तुम्हारे? -रमेश जी ने पूछा।
खानसामा- तीन है, दो लड़का, एक लड़की।
"बहुत अच्छे।" बोलकर पत्नी की और मुखातिब हुए, उसे कहा - जो खाने के लिए लाये है इसको दे दो, बच्चे खुशी से खा लेंगे।
पत्नी भी उठी और देखभाल कर एक पोटली में सारा सामान रख उसे दे दिया।
खानसामा- अरे बाबूजी, रहने दीजिए न। आप इतनी दूर से लाये है अपने बच्चन के लिए। हमे काहे दे रहे हो!!!
रमेश जी बोले - ले जाओ। अपने बच्चे बीवी को खिला दो। यहाँ कौन शहरी आदमी ये सब खाकर पचा पाते हैं।
खानसामा खुशी खुशी सामान को लेकर एक बार अपने माथे को लगाया और उनको प्रणाम कर के चला गया।

रमेश जी और उनकी पत्नी को भी सुकून मिला। चलो आदरभाव से लेकर गया है, उनका लाना व्यर्थ नहीं गया।

शाम को उनका बेटा आया। माता - पिता को अंदर से पता चला । पुत्र के मोहवश दोनों घर के दरवाजे तक चले गए। बेटा मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी से बड़ी शान से उतरा । दोनों बुजुर्ग माता पिता हँसते हुए उसकी तरफ देख रहे थे। पुत्र ने देख कर उन दोनों के पैर छुते हुए एक औपचारिकता सी निभाते हुए चला गया। एक बार में ही वो दोनों समझ गए ये उनका बेटा नहीं एक अफ़सर ही मिला उनसे।
दोनों फिर एक बार फिर कमरे में आ गए।
थोड़ी देर बाद उनका बेटा उनके कमरे में आया। उन्हे लगा वो उनसे दिल की दो बात करने आया होगा। उसके हाथ में कुछ था। वो उसने अपने पिता के हाथ में रखते हुए बोला - पिता जी सवेरे के प्रोग्राम के लिए ये कोट-पेंट और टाई लाया था, पहन लीजिएगा। कल सरकार और यहाँ के स्थानीय क्षेत्र के बहुत बड़े बड़े लोग आएंगे। मैं नहीं चाहता कि कल आपको ये धोती और कुर्ते में देखकर अनपढ़ और जाहिल समझे। आप जानते ही हो यहाँ सब मेरी कितनी कदर करते हैं। आज ही शालिनी बता रही थी कि नौकर - नौकरानी आपको देख कर दबी जुबान से हँस रहे थे। कल ये जग हँसाई ना हो।

तभी पीछे से शालिनी कमरे में दाखिल होती हैं। उसके पीछे पीछे दोनों बच्चे भी आ जाते हैं। शालिनी के हाथ में एक सिल्क-जरी में भारी वर्क की साड़ी लिए सास के पास पहुँचती है। उसे अपनी सास के हाथ में देती हुई बोली - हाँ जी मम्मी, आप भी पापा जी के साथ- साथ अच्छी दिखे इसलिए अपनी सबसे अच्छी साड़ी लाई हूँ।
चेतन ने ये देखकर बड़ा खुश होता है कि शालिनी सच में बहुत अच्छी साड़ी उनकी माँ के लिए लायी हैं। वो भी कितना सम्मान और प्यार करती है मेरे माँ-पिता को। उसे शालिनी पर बड़ा प्यार आता है। थोड़ी देर में वो दोनों चले जाते हैं।
बेटे- बहु के जाने के बाद दोनों बुजुर्ग हतप्रभ से एक दूसरे को देखते हैं। कभी अपने बेटे-बहु की दी हुई अमानत को। कहने को कुछ भी नहीं था उन दोनों के पास। जो कह न सके वो उनकी आँखों से निकलते आंसुओं ने कह दिया।


©डॉ. संतोष विश्नोई

Tuesday, May 12, 2020

कहानी - सच्चा देशभक्त

कहानी - *सच्चा देशभक्त*


डॉ. दीपक अपनी दो दिन की लगातार ड्यूटी के बाद आज दोपहर में घर आये। खाना खाया । अपनी एकलोती बेटी रौनक के साथ थोड़ी देर खेलने लगे। ज़ाहन्वी ने खाना खाने के बाद काम समेटा और सफाई- बर्तन करने वाली मेड को कुछ काम का निर्देश देकर कमरे की ओर आ गई।
जहाँ दीपक रौनक के साथ खेलने में तल्लीन थे। ज़ाहन्वी कमरे के दरवाजे के पास ही खड़ी सोचने लगी। जिंदगी भी कितनी अजीब है। शादी के पहले तीन साल कोशिश करने के बाद भी हमारे कोई बच्चा नहीं हो पाया था। लाख मन्नतों और इलाज के बाद रौनक पैदा हुई थी। जन्म के साथ रौनक को फेफडें की एक अजीब सी बीमारी थी । वो सामान्य बच्चों की तरह दौड़ या हँस नहीं सकती थी, दौड़ने या हँसने की कोशिश भी की तो साँस फूल जाती थी। ऐसे में हमारे लिए रौनक की देखभाल हमारी पहली प्राथमिकता बन गई।
शादी से पहले मैं एक हॉस्पिटल में डाइटीशियन थी। दीपक उसी हॉस्पिटल में सर्जन थे। एक ही अस्पताल में होने के कारण कई बार मुलाकात हो जाती थी। देखते ही देखते दोनों की नज़रों ने एक दूसरे को पसंद कर लिया। एक कॉमन डॉक्टर के माध्यम से बात आगे बढ़ीं। घर वालों से शादी की बात की। दोनों ही परिवार वालों को इसमें कोई एतराज़ नहीं था। जल्दी ही हम शादी के बंधन में बंध गए।
रौनक के पैदा होने के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति देखते हुए मैंने अस्पताल जाना कम कर दिया था। बहुत हुआ तो दिन में एक चक्कर लगा आती थी।
पिता के रूप में डॉक्टर होने के कारण दीपक रौनक को उसके हिस्से का समय भी नहीं दे पाते हैं । ऐसे में जो थोड़ा सा समय मिलता था उसी में वो रौनक के साथ ही बिताने की कोशिश करते थे।
तभी पापा-बेटी के चहकने से मेरी सोच वर्तमान को लौटी। मैं कमरे के अंदर आकर रौनक और दीपक के पास बैठ गई। धीरे से दीपक से कहा - आप दो दिन से अस्पताल से थक कर आये हैं। चलिए कुछ देर आराम कर लीजिए। मैं तब तक रौनक को सुला देती हूँ। दीपक ने भी हामी भरी और बेडरूम की और चले गए। मैंने रौनक को दवाई दी और सुला दिया। रौनक के सोने के बाद उसे चद्दर उड़ा, माथे को सहलाकर दरवाजा पास कर अपने बेडरूम में आ गई।
.....
बेडरूम में दीपक बेड का सहारा लेकर आँखे बंद किये बैठे हुए थे। मैं रूम में आयी दीपक के पास बैठ गई। उसके आँखों पर से चश्मा उतार कर टेबल पर रखते हुए बोली
-' क्या बात है दीपक... तुम परेशां लग रहे हो। चश्मा भी नहीं उतारा। दो दिन से तुम घर नहीं आये और अब थोड़ा आराम करने को मिला है तो वो भी नहीं कर रहे।.... किसी खास बात से परेशान हो रहे हो????
दीपक ने कोई जवाब नहीं दिया।
मैंने उनके हाथ को अपने हाथ में रखा और उसके गाल पर थपथपा कर पूछा-' बताओ भी क्या हुआ??? कुछ ज्यादा ही थके से लग रहे हो।
दीपक ने धीरे से आँखे खोली। उसकी आँखे तरल और नमी से भरी हुई थी। मुझे लगा जैसे वो रो रहे हो। मेरा दिल धक्क से रह गया। ऐसा क्या हुआ। माना जाता है कि डॉक्टर के पेशे में आने के बाद अक्सर आदमी पत्थर दिल हो जाता है। क्योंकि रोजमर्रा की जिंदगी में डॉक्टर अक्सर मौत को, दम तोड़ते लोगों को सामने देखता है। ऐसे में एक वक्त ऐसा आता है कि वो दिल से मजबूत होकर अपना कर्तव्य निभाता है।
जहान्वी ने जब दीपक की आंखों में आंसू देखे तो उसका मन अज्ञात आशंका में घबरा गया।
दीपक ने भर्राई आवाज में बताया - ' अपने देश में कोरोना नाम का एक वायरस आया है जिससे कितने ही लोग संक्रमित हो रहे हैं और उसका इलाज भी संभव नहीं है । यह अगर ऐसे ही फैलता गया तो न जाने कितने लोगों को निगल लेगा, कितनों को बेघर कर देगा और न जाने कितनों को अपने खास लोगों को खोना पड़ेगा।.......... आज मैं भले ही दो दिन बाद घर आया हूँ। हो सकता है आगे आने वाले दिनों में मैं घर भी ना आ पाऊँ।.... ऐसे में मुझे तुम्हारी और रौनक की चिंता सी हो रही है।......
जहान्वी ने सुना तो दंग रह गई।
बोली -'क्या मेडिकल साइंस में सच में इसकी कोई दवाई नहीं है'?
दीपक -' अभी तक तो नहीं । फिलहाल तो बचाव ही इसका उपाय है।
जहान्वी - 'मैं जानती हूं दीपक तुम्हारा एक पति होने के नाते और एक पिता होने के नाते चिंता जायज है, लेकिन तुम यह भी तो सोचो हमारे देश में आज संकट का समय है। कितने पत्नियों के पति और कितने बच्चों के पिता इस बीमारी से ग्रसित हुए तो उनकी जिंदगी तबाह हो सकती है । एक तुम ही डॉक्टर होने के नाते उनको एक उम्मीद की किरण दे सकते हो, अगर तुम ही कमजोर पड़ गए तो उन लाखों लोगों का क्या होगा जो तुम्हारे हारने से पहले ही हार मान चुके हैं।'
दीपक - ' मैं मानता हूं एक डॉक्टर होने के नाते मैं नाउम्मीद नहीं हो सकता, लेकिन जब एक पिता होने के नाते अपनी बेटी का चेहरा देखता हूं तो लगता है कि अगर मुझे कुछ हो गया तो रौनक का क्या होगा आखिर मैं भी पिता हूं ना।'
जाह्नवी - ये सच है, दीपक एक इंसान का दिल उसके अपनों में ही बसता है पर जब डॉक्टर बनने पर हमने मानवता की सेवा का कर्तव्य निभाने का वादा किया है। उसे आज पूर्ण करने का समय है । एक डॉक्टर होने के नाते तुम्हारी यही सच्ची देशभक्ति होगी जहां अपने परिवार को प्राथमिकता ना देकर देश हित को प्राथमिकता दो। मैं एक डॉक्टर की पत्नी होने के नाते तुम्हें विश्वास दिलाती हूं कि तुम्हारे कर्तव्य में मैं और रौनक बाधा नहीं बनेंगे।'
दीपक - ' जहान्वी मैं इस वास्तविकता से परिचित हूं कि तुम्हारे लिए भी ये उतना ही कठिन समय है जितना मेरे लिए, लेकिन फिर भी मैं तुम्हारे धैर्य और जज्बे को सलाम करता हूं तुम वास्तव में बड़ी निडर हो।'
जाह्नवी - 'दीपक तुम इस लड़ाई में अकेले नहीं हो मैं और देश के सभी लोग तुम्हारे साथ है । बस तुम हार मत मानना। चाहे इसके लिए तुम्हें जो भी कीमत चुकानी पड़े एक पत्नी होने के नाते मुझे मंजूर है।'
दीपक ने उसके हाथ को हाथ में लेकर उसे विश्वास दिलाया कि वो हार नहीं मानेगे, जब उसका परिवार उसके साथ है तो कोई भी इंसान हार नहीं मान सकता । मुझे सच में तुम्हारी और रौनक की इसी बात की फिक्र थी कि जब तुम्हें पता चलेगा तो तुम क्या कहोगी। अब जब तुम मुझे बदले में विश्वास दिला रही हो तो मुझे उम्मीद है कि हम यह लड़ाई जरूर जीतेंगे।
तभी दीपक के फोन की घंटी बज उठी। अस्पताल से फोन था कई इमरजेंसी के केस आए आए हुए थे उन्हें अस्पताल बुलाया जा रहा था, उन्होंने 'आ रहा हूं' बोल कर फोन रख दिया।
जहान्वी ने मुस्कुरा कर कहा चलिए आप तैयार हो जाइये, मैं कॉफी बना कर देती हूं कॉफी पीकर जाइएगा ।
कॉफी पीकर दीपक चले गए।
 उनके जाते ही जहान्वी रूम में जाकर फफक फफक कर रो पड़ी। वह जानती थी कि उसके लिए दीपक कितना मायने रखता है। लेकिन दीपक के सामने वह कमजोर नहीं होना चाहती थी। भले ही एक पत्नी के नाते उसे दीपक की चिंता थी लेकिन एक डॉक्टर के पत्नी होने के नाते उसे देश की भी चिंता थी। वह चाहती थी कि उसकी बेटी रौनक अपने पिता को फ़क्र से देखें। सच्ची देशभक्ति की इससे ज्यादा अच्छी मिसाल क्या हो सकती है कि एक डॉक्टर के लिए उसका सारा देश ही उसका परिवार हो।

©डॉ. संतोष विश्नोई, (असिस्टेंट प्रोफेसर, कॉलेज शिक्षा)

Monday, May 11, 2020

कहानी - पिता का आखिरी सच

कहानी - *पिता का आखिरी सच*


मानसी अपने पिता की लाडली बेटी थी। उसके पिता कैलाशचंद्र जी जिले के विकास खंड अधिकारी थे। उनके दो लड़के भी थे। जब मानसी थोड़ी बड़ी हुई थी तब से ही उसके पिता ने एक कमरे में उसके लिए थोड़ा थोड़ा करके समान सहेजना शुरू कर दिया था। उनकी पत्नी उनका अक्सर मज़ाक करती ये आप अभी से क्यो इक्कठा करने लगे। अभी तो बिटिया कॉलेज में आयी है। मानसी के पिता को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता था। वो तो अपनी बेटी की शादी का सामान धीरे धीरे कर के जमा करते जाते। उनका मानना था जीवन का क्या भरोसा कब साँस साथ छोङ जाए। बेटी की शादी में मैं कोई कोर - कसर नहीं छोङने देना चाहता। उनकी पत्नी उनकी इस बात से उन्हें पागलपन की हद करार देती।

मानसी की स्नातक की पढ़ाई पूरी होने को आ रही यी। उसके पिता ने दिल्ली के एक परिवार में उसका रिश्ता तय कर दिया। लड़का रोहित इंजीनियरिंग कर रहा था। मानसी के पिता बड़े खुश थे और जल्द विवाह करना चाहते थे। लेकिन अभी मानसी की एक साल की पढ़ाई और बाकी रह रही थी। उधर रोहित की भी इंटरनशिप बाकी थी।

एक दिन कैलाश चंद्र जी की तबियत बिगड़ी और उन्हे दफ़्तर से ही अस्पताल भर्ती करवाया गया। उनकी रिपोर्ट आयी तो पता चला उन्हे लंग कैंसर है। डॉक्टर ने उन्हे आगे उपचार की सारी प्रक्रिया समझा दी। उस हॉस्पिटल का डॉक्टर राकेश उनका खास दोस्त भी था। दोस्त होने के नाते डॉक्टर ने ये बता दिया कि आपकी जिंदगी और मौत के इस खेल में आखिरी जीत किसकी होगी ये नहीं कह सकते।
मानसी के पिता ने ये बात अपने घर पर किसी को नहीं बतायी। यहाँ तक की अपना भी ट्रांसफर घर से दूर करवा लिया। उनकी बीवी और बच्चे अभी साल के बीच में होने के कारण उनके साथ जा नहीं सकते थे। कैलाशचंद्र जी यही चाहते थे। वो आने वाले कल की काली परछाई अपने परिवार पर पड़ने देना नहीं चाहते थे। उन्होंने अपनी कमाई का एक एक हिस्सा अपने परिवार की सुरक्षा मे ख़र्च करने लगे। उनके पास अपनी जिंदगी का बहुत कम हिस्सा बाकी था।
अब उन्हें कुछ कठोर फ़ैसले करने की घड़ी आ गयी थी। उन्होंने जल्द ही मानसी के विवाह की तारीख तय कर दी। मानसी को बहुत बुरा लगा। पिता को इतनी क्या जल्दी है अपने घर से विदा करने की। उसने नाराज़गी व्यक्त करने हुए पिता से बातचीत तक बंद कर दी।
 मानसी के पिता के पास समय कम था और वो इस बात की भनक मानसी तक नहीं पहुंचाना चाहते थे। शादी के लिए मानसी हॉस्टल से घर आ गयी। उसने पिता से सीधे मुँह बात तक नहीं की। मानसी के पिता उसकी नाराजगी की वजह समझते थे। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। बस मुस्कुराते हुए शादी की तैयारियों में जुटे रहे।
चार दिन के शादी के कार्यक्रम में उन्होंने एक बार भी चैन से बैठ कर साँस नहीं ली। शादी में कोई कौर कसर न रहे इस बात का खास ख्याल रखा गया। मानसी को खूब दान दहेज़ के साथ उसे विदा किया। उसके ससुराल वाले भी बड़े खुश हुए। इतनी अच्छी खातिदारी के साथ साथ सबका मान सम्मान भी रखा। मानसी ससुराल चली गयी।
कुछ दिनों बाद उन्होंने दोनों बेटों के लिए भी अलग अलग सम्पति का हिस्सा कर के एक घर पत्नी के नाम कर दिया।
मानसी के पिता अब घर में किसी से प्यार से बात नहीं करते थे। हर समय उखड़े रहते। उनकी पत्नी और बच्चे तक उनके इस व्यवहार से तंग आ रहे थे। बच्चे दबी जुबान से कहते मम्मी इससे अच्छा तो पापा दूर ही सही है। एक ही घर में रहना तो बहुत मुश्किल है। पूरे हिटलर जैसे हैं पापा। मानसी की माँ भी इस बात में समर्थन करती।
हनीमून से लौटने के बाद मानसी पगफैरे में फिर मायके लौट कर आयी थी। उसके पिता बैठक में बैठे थे । मानसी को आया देख कर बहुत खुश हुए।
मानसी की नज़र भी जब पिता पर पड़ी तो अपनी सारी नाराज़गी भुला कर उनकी और प्यार से आगे बढ़ी।
तभी उसके पिता का व्यवहार और मिजाज पलभर में बदल गया।
 मानसी को अपनी आँखों से दूर जाने का संकेत दिया और खुद उठ कर अपने कमरे में चले गए। मानसी पिता के इस बदले व्यवहार से परेशान सी हो रही थी।
घर में किसी ने ये ध्यान नहीं दिया कि उसके पिता एकदम से परिवार से अलग थलग क्यों रहने लगे। सबसे चिढ़ कर बात करते।
थोड़े दिनों बाद मानसी के पिता वापस आपने काम पर लौट गए। घर में सबने राहत की साँस ली। किसी ने उनकी कमी महसूस नहीं की।
समय के साथ मानसी के पिता ने अपनी बीमारी के आगे घुटने टेकना शुरू कर दिया। वो एक बार फिर हॉस्पिटल के बिस्तर पर आ गए। डॉक्टर ने उन्हे बताया कि अब उनका कठिन समय निकट आ गया है। घर वालों को बुला लेना चाहिए। मानसी के पिता ने डॉक्टर से कहाँ मेरी एक आखिरी इच्छा है राकेश।
" आप मेरी बीमारी के बारे में मेरे परिवार से कुछ नहीं कहेंगे। मेरे मरने के बाद भी नहीं।...मैं नहीं चाहता मेरे जाने के बाद मेरा परिवार मुझे याद करे। क्योंकि यादें बड़ी कड़वी होती है। व्यक्ति को हमेशा दुःख देकर जाती है। जब मुझे मालूम है मैं ठीक नहीं हो सकता तो इस गम का असर मेरे परिवार पर नहीं पड़ने देना चाहता। मैंने उनके लिए इतना तो कर दिया है कि इस जन्म में उनको मेरे बिना भी कोई कष्ट या अभाव नहीं देखना पड़ेगा। "
राकेश एक डॉक्टर के साथ उनका दोस्त भी था। उनकी भावनाओं को समझ सकता था। उन्होंने उनसे वादा किया कि वो ऐसे ही करेंगे।
मानसी के पिता का आखिरी दिन करीब आ गया था। आज उनकी साँसे धीमी होती जा रही थी। डॉक्टर राकेश ने घर पर सूचना देना उचित समझा। घर से सब लोग आ गए। मानसी भी अपने पति रोहित के साथ आ गयी थी। सबने पहली बार पिता को इतना थका हुआ और बीमार देख रहे थे। वो समझ ही नहीं पा रहे थे उन्हें क्या हो गया था।
 एक आखिरी बार कैलाश चंद्र जी ने धीमी होती साँसों और बंद होती आँखों को उठा कर एक नज़र परिवार को देखा और हमेशा के लिए अपनी आँखे बंद कर ली।
हॉस्पिटल की तमाम औपचारिकता के बाद जब उन्हें घर ले जाने तैयारी कर रहे थे। हॉस्पिटल के काउंटर पर बिल बकाया पता किया तो कहा गया उन्होंने मरने से पहले ही सब चुका गए थे।
उनको घर लाकर सब रीति रिवाजों से उनका अंतिम संस्कार करवा दिया।
..
मानसी पिता के जाने के बाद एक बात समझ नहीं पा रही थी। पापा ने जाने से पहले उनके हिस्से में न कोई सलाह दी, न कोई बकाया छोङ कर गए। ऐसे कैसे हो सकता है।
उसने डॉक्टर से मिल कर एक बार पिता के बारे में पूछने का फैसला किया।
वो डॉक्टर के पास गयी। पूछा -"क्या हुआ था उन्हें। डॉक्टर बोले मैं किसी के आखिरी बार किये वादे से बंधा हुआ हूँ। लेकिन तुम्हारे पापा ने एक बार अपनी ये डायरी दी थी। कहाँ था जाने के बाद नष्ट करवा देना। लेकिन मैं कर नहीं सका। आज तुम्हारा चेहरा देखा तो सोचा ये अन्याय होगा। कैलाश की ये डायरी आपको सौंपना मेरे लिए जरूरी हैं।
मानसी डायरी ले घर आयी। डायरी को पढ़ना शुरू किया। इसमें मानसी को हर उस बात का जवाब मिलने लगा जिसे वो एक राज बना कर जाने की तैयारी कर गए थे।
अपने कठोर होने के पीछे की वजह अपनी बीमारी को छुपाना था।
मानसी का गला रुन्ध गया। उन आखिरी पलों को याद करने लगी जब उसने पिता से बात नहीं की। नाराजगी में उसने अपने पिता के साथ के कुछ सुनहरे पलों को भी खो दिया। पिता की उस जीवंतता को मान गयी। ये सच है एक पिता के कितने रूप होते हैं। वो अपने सुख दुःख की परवाह किये बिना अपने बच्चों के लिए लिए क्या कुछ नहीं करते। धन्य है ऐसे पिता। उनके त्याग कभी कोई नहीं समझ सकता।
जाने के बाद ही एक पिता की असली भूमिका पता चलती है। पिता के कठोर हृदय में प्रेम की अलग ही परिभाषा होती है।
मानसी इससे से ज्यादा पढ़ न सकी। पिता की आखिरी इच्छा थी उनका अपना सच परिवार तक नहीं पहुँचे। जिसे उसको पूरा करना था। डायरी को अपनी याद में हमेशा के लिए संजोकर उसके मूल रूप को नष्ट कर दिया। ये एक पिता को एक बेटी की अंतिम आहुति थी।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Sunday, May 10, 2020

कहानी - अहसास

कहानी - *अहसास*


पिछले कुछ सालों से रवि गुड़गांव की एक आईटी कंपनी में काम कर रहा था। उसके माता पिता ने उसे खूब लाड प्यार में पाला -पोसा था। बचपन से ही पढ़ने में वो अव्वल आता था। बड़ा होकर वो शहर में पढ़ने चला गया। कॉलेज के बाद भी वो शहर में ही रहने लगा। घर वालों ने उसका विवाह भी कर दिया था। अपनी पत्नी को लेकर वो शहर ही चला गया था। उसे गाँव की जमीन अखरने लगी थी। यहाँ आकर उसे धीरे धीरे अच्छा पद और पैसे के साथ - साथ एक अलग गरिमा भी मिल रही थी। उसने खूब मन लगाकर काम किया।
 एक दिन ऑफिस गया तो कुछ अलग ही नज़ारा था। आर्थिक मन्दी के कारण बाजार के शेयर गिर रहे थे। उस मंदी के चपेट में उसकी कंपनी का भी दिवाला निकल गया। जिसका सबसे खराब असर कंपनी के बड़े पद पर काम कर रहे लोगों पर पड़ा। कंपनी ने अपने कर्मचारियों की छटनी करनी शुरू की। उसके पास भी कंपनी रीज़ाइन देने की एक ईमेल आयी। उसका दिल बैठ गया। उसके सामने आने वाले भविष्य के सुनहरे सपने आशंकाओ में डुबते नज़र आये। एक पल में उसे अपनी जिंदगी खत्म होती सी नज़र आ रही थी। अब क्या करे, नौकरी से रीजाइन देकर कहा जाएगा। अपनी लक्ज़री लाइफ को चलाने के लिए न जाने कितना लोन वो पहले ही ले चुका था। हर महीने उनकी लाखों की किस्ते कैसे चुकाएगा।
फिर से गाँव जाना भी संभव नहीं है। उस को तो वो बहुत पहले ही छोङ कर आ चुका था।
पिता और माँ ने लाख समझाया था जीवन में थोड़े में गुजारा कर लेना बेटा, पर उधार की जिंदगी में दिखावा न करना। रवि कहाँ मानने वाला था। सब कुछ छोङ कर आ गया था। घर छोङ कर आने की उसकी ये सज़ा मिली थी कि माँ पिता ने कभी बात नहीं की। यहाँ आकर तो रवि ने भी अधिक बात करने की कोशिश नहीं की। आज संकट की घड़ी में सबसे पहले माँ पापा का ही ख्याल आया।
खैर उसने रीजाइन का पेपर साइन किया और कंपनी से घर के लिए निकलने के लिए अपने केबिन से समान समेटने लगा। तभी ऑफिस का चपरासी उसके लिए चाय ले आया। रवि का उदास चेहरा देख कर चपरासी बोला बाबू जी क्या हुआ, तबीयत ठीक है न आपकी???
रवि ने ठीक है कि मुद्रा में अपना सर हिला कर उसका जवाब दिया।
 घर पहुँच कर उसने ये बात अपनी पत्नी को बताई। उसने कहा धैर्य रखे सब ठीक हो जाएगा।
अगली सुबह घर की डोरबेल बजी। पत्नी खाने की तैयारी में रसोई में जुटी हुई थी। उसने आवाज लगा कर रवि से कहाँ आप दरवाजा खोलिए। रवि अनमने भाव से उठ कर दरवाजे की और बढ़ा। दरवाजा खुला तो सामने माँ - पिता जी खड़े थे। रवि को आश्चर्य हुआ, ये कैसे हुआ। कही ख्वाब तो नहीं देख रहा। पिता बोले अब अंदर आने के लिए कहेगा या ऐसे ही गेट पर ही खड़े रखेगा।
रवि बोला- आइए न आप... अंदर.... ।
उसने पत्नी को आवाज लगाई -"सपना देखो कौन आया है!!!!
रवि ने उन दोनों को बिठाया। मारे खुशी के उसके समझ ही नहीं आ रहा वो क्या बात करे। तभी सपना चाय और नाश्ता लेकर आयी। उनके सामने रखते हुए बोली - "बड़ी देर कर दी आने में। रास्ते में किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नहीं हुई न ?"
रवि मुँह खोले सपना की तरफ देखने लगा। तुम्हे पता था माँ - पापा आ रहे हैं???
माँ बोली - " बेटा सपना ने खुद कैब बुक कर दी थी। हम लोग तो बस में आने का बोल रहे थे। पर ये बोली नहीं माँ आपको दमा की शिकायत है आप बस में खामखा परेशान होगी। मैं गाड़ी कर दूँगी आप उसमें आराम से आइएगा।"
पिता जी बोले -"हाँ रवि, तुमने जरूर बेटे होकर हमे भुला दिया था लेकिन सपना ने कभी हमे नहीं भुलाया। जब भी गुड़गांव से मायके गयी सबसे पहले हमारे पास ही मिलने आती थी। यहाँ तक की हर महीने हमे पैसे भी भेजती थी। हमने कई बार कहाँ बेटा हमे पैसे की जरूरत नहीं है, आप लोग शहर में रहते हैं। ज्यादा खर्चे होते हैं। पर ये नहीं मानती।"
रवि के लिए सपना का ये रूप बिल्कुल अलग था। वो पति होकर भी उसको कभी पूरा जान ही नहीं पाया। .....
उसकी आँखों में पानी तैरने लगा -" लानत है उसका बेटा होने में। जिसने बेटे होने का कर्तव्य भी निभा न सका। जिस माँ बाप को उसने अपने सपने पूरा करने की खातिर भुला दिया। ये बहु होकर भी उसे सम्भाले रही।"
"पर सपना ने कभी बताया ही नहीं आप लोगों से बाते या मुलाकात होती है???
पिता जी - "इसके लिए मैंने ही मना किया था। जब तुम जिद कर के घर छोङ कर आने की बात कर रहा था तभी मैंने सोच लिया था। तुम्हारे जीवन में हम कभी दखलदांजी नहीं करेंगे। तुमने खुद मेहनत से कुछ बनने का ख्वाब देखे थे। ... और ये भी हकीकत है कि तुम इसमे हमे भी बाधा समझते थे। बस मैंने तुम्हे जाते हुए नहीं रोका।... बहु रोज फोन करती थी। तुम्हारे हालचाल हमें पता चलता रहता था।... बहु बेटी बन कर हमारे साथ चलती रही।
माँ बोली-"हाँ बेटा, हमें तो गर्व है ऐसी बेटी को बहु के रूप में पाकर। कल जब तुम उदास हुए तो उसने हमें आने का आग्रह किया। वो जानती है जब आदमी टूटता है तो वापस अपनी जड़ों की और लौटना चाहता है। उसने बताया आज तुम्हें सबसे ज्यादा परिवार और अपनेपन की जरूरत है। फिर क्या था हम आ गए।"
रवि की आँखे अब अपने आँसुओं को और न थाम सकी। वो पिता के पैर में झुक कर अपनी माँ के गोद में सर रख कर फूट - फूट कर रोने लगा- मुझे माफ कर दीजिए माँ - पिताजी। पढ़ लिख कर दौलत और अपने गर्व के मद में चूर होने के कारण लालच की पट्टी आँखों पर बंध गयी। आज आँखे खुली तो पता चला... दुनिया में रिश्ते से बढ़ कर और कोई अनमोल चीज नहीं होती। .....
सपना पास ही खड़ी ये दृश्य देख कर मुस्कुराने लगी। बोली चाय ठंडी हो गयी है मैं गर्म कर के लाती हूँ।
तभी पिताजी उठे और बहु के सिर पर हाथ रख कर बोले -"
कौन कहता है बहु कभी बेटी या बेटे की जगह नहीं ले सकती। तुमने परिवार को जोड़े रखा। बहु बन कर बेटी के साथ- साथ बेटा भी बनकर दिखा दिया है ।"

©डॉ. संतोष विश्नोई

Saturday, May 9, 2020

कहानी - सज़ायाफ़्ता

कहानी - *सज़ायाफ़्ता*


मम्मी हॉस्पिटल में पापा का आपरेशन हो गया है लेकिन अभी वो खतरे से बाहर नहीं आये है... कहते हुए बिंदु फोन पर सिसकने लगी।
फिर अपनी माँ से पूछती है - मम्मी आप आएंगे क्या हॉस्पिटल.. पापा से मिलने???
दूसरी और से कोई आवाज नहीं आयी..
बिंदु ने पूछा - मम्मी मेरी आवाज आ रही है आपको???
मम्मी - हाँ बिंदु बेटा आवाज आ रही है।
बिंदु - फिर आपने कोई जवाब क्यों नहीं दिया मेरी बात का... क्या अब भी आपका कलेजा नहीं पिघल रहा... मम्मी अब तो माफ कर दो न पापा को.. प्लीज... कह कर बिंदु फूट फूट कर रोने लगी।
बिंदु की मम्मी आशा ने फिर भी कुछ नहीं कहा।
थोड़ी देर बाद उनका बेटा आकाश घर आया।
बोला- मम्मी आप चलो न हॉस्पिटल.. पापा की भी इच्छा है आपको देखने की...
आशा ने बेटे की तरफ देखा और ना में सिर हिला दिया।
बेटा - मम्मी आप बेवजह जिद्द करके बैठी हो... पापा को अपनी गलती का पछतावा है.. शर्मिंदा भी है वो अपनी पिछली हरकत पर.. फिर अब उस बात को पकड़ कर बैठना ठीक नहीं। चलो भी मेरे साथ पापा को देखने के लिए। माँ इतना भी क्या पत्थर दिल होना।
दामाद - हाँ मम्मी जी, भैया सही कह रहे है अब तो आप पापा जी को माफ कर दीजिए। गलती किससे नहीं होती। माफी देने वाला इंसान ही महान होता है। आज पापा को आपकी जरूरत है।
आशा ने बेटे और दामाद की बात सुनकर भी कोई जवाब नहीं दिया।
पड़ोसी भी आये। कहने लगे - आखिर तुम उसकी पत्नी हो। और पत्नी का धर्म होता है पति की सेवा करना। आज आपका पति बीमार है और एक आप है कि है हॉस्पिटल उन्हे देखने तक भी नहीं गयी।
चारों और खुसर पुसर चल रही है। आशा ने सब की बात इम्तिनान से सुनी।
सबकी नज़रे आशा पर टिकी है कि देखे अब क्या जवाब मिलेगा।
आशा - सच कहा आपने, वो पति है मेरा!! एक दिन छोटी सी बात से गुस्सा होकर मुझे घर से बेदखल कर दिया। नन्ही-सी बिंदु और पेट में 6महीने के बेटे आकाश को लिए अपने मायके गयी। उसके बाद भी उस इंसान ने मेरे होते हुए किसी और का हाथ थाम लिया। जीवन के हर मोड़ की समस्या मैंने खुद अकेले झेली। बेटे और बेटी को बड़ा किया। इस दौरान एक बार भी उस इंसान ने ये जानने का प्रयास नहीं किया कि मैं किस हाल में हूँ। फिर भी आप कहते हैं वो पति है मेरा?
जब जिंदगी की मार में खुद फंसा तो एक दिन मेरी दहलीज पर फिर से लौट कर आ गया। गलती हो गयी माफ कर दो!!!!
क्या इतना आसान है इन पिछले 15सालों के दर्द को भूलना। सिर्फ इसलिए कि वो पति है मेरा।!!!
आज आप सब उसका पक्ष लेकर मेरे सामने आ गए।
और हाँ बेटे, तुमने कहा न मैं पत्थर दिल हो गयी। समय की मार ने मुझे कर दिया ऐसा। अब नहीं महसूस होता है कोई दर्द, कोई तकलीफ। और नहीं देखना चाहती उस इंसान का चेहरा। यही उसकी सज़ा है।
 कह कर आशा वहाँ से उठ कर चली गयी।

©डॉ. संतोष विश्नोई

विशिष्ट पोस्ट

कहानी- अम्मा