Tuesday, June 30, 2020

कविता - अटल सत्य

अटल सत्य'

जाने कैसा अजनबीपन-सा भाव,
हर एक सूरत में
नज़र आता।
कहता तो कोई भी नहीं कुछ,
फिर भी मन घबराता।
तनाव, घुटन, बेबसी से
जूझ रही है मानवता।
कल के सुखद स्वप्न
कोई क्यों नहीं बुन पाता।
सोच जरा
क्यों हो रहा निराश, हताशा
हर रात का,
एक सुनहरा दिन है आता।
 सत्य अटल है
अडिग रहा है कोई
विश्व विजेता बन जाता।

© डॉ. संतोष विश्नोई

Monday, June 29, 2020

कहानी - अनकहे से फ़ासले

कहानी - *अनकहे से फ़ासले*

मुझे याद है मैं कुछ दिनों से बीमार महसूस कर रही थी, तमाम परहेज के बावजूद ठीक नहीं हो पा रही थी। एक शाम को अस्पताल के एक बेंच पर बैठी थी। हाथ में मेडिकल रिपोर्ट लिए। बूत बन कर कब तक बैठी रही नहीं जानती। तुम आज भी नहीं आये थे मेरे साथ। दरअसल लग रहा था कई दिनों से तुम दूर दूर भाग रहे थे। बस ये नहीं समझ पा रही थी तुम मुझसे दूर भाग रहे थे या अपने आप से। पास पड़ी हुई वो मेडिकल रिपोर्ट किसी अजगर की भाँति लग रही थी, जैसे वो मुझे धीरे धीरे अपने में समेट लेगी। दिल भरा हुआ था और दिल का गुब्बार निकालना चाहती थी लेकिन आँखे हैं कि साथ ही नहीं दे रही। आँसू पता नहीं अंतर के किस कोने में धूमिल हो चुके थे।
अस्पताल से निकलना तो था ही लेकिन कहाँ जाऊँ।

घर!!!!!!

 घर है ही कहाँ। वो तो बस चारदीवारों से घिरा हुआ मकाँ है जो अपने आप में राहगीरों की पनाहगाह का सबूत देता है।
घर आयी और उन रिपोर्टस को किसी दराज़ में कैद कर दिया गया जैसे कुछ हुआ ही नहीं। जानती थी उसका तुम्हारे लिए कोई मायने नहीं होंगे।
तीन दिन के बाद तुम घर आये, लेकिन तुम्हे देख कर भी मेरे मुरझाये चेहरे पर भी कोई खास फर्क मैंने महसूस नहीं किया । शाम को खाने के बाद तुमने ही बात शुरू की। मुझे लगता हैं हमारा दोनों के लिए अब अलग हो जाना बेहतर है। मुझे ऑफिस से प्रोमोशन मिला है।
मैं और शीतल सोच रहे हैं कि अब साथ ही रहे। तुम और मैं तो वैसे भी कभी साथ हैं नहीं, तो फिर जीवन भर इसे और क्यूँ ढोना।
मेरे मुँह से सिर्फ 'हुं' ही निकल पाया था।
तुम बोल कर आदतन उठे और बिना मेरी तरफ देखे बेडरूम की तरफ चले गए।
मैं वैसे ही बैठी रही थी। समाने प्लेट में खाना परोस रखा था। ऐसा नहीं है कि मेरे मन में कोई दुःख जैसा भाव आ रहा था। या तुमसे कुछ शिकायत कर रही थी। पता तो मुझे भी था ये एक दिन आएगा... तुम नहीं कहते तो शायद मैं ही कह देती.....
खाने को थोड़ी देर विराम देकर मैं कुर्सी के सहारे आराम की मुद्रा में बैठी, आँखों से चश्मा उतारा और हाथ में लिए विचारों के घोड़े दौड़ाती रही।

- - - - - - - -
 घर वालों के खिलाफ जाकर तुमसे शादी की थी। तब तो प्रेम का जादू सिर पर सवार था। तुम्हारे अलावा मुझे इस संसार में कोई नज़र ही नहीं आता था।
पिता तो थे नहीं मेरे। माँ थी जो दो भाईयों के साथ रहती थी। जब उन्हें बताया तो भाइयों ने उल्टा माँ को ही सुना दिया था - लो ओर भेजों घर से दूर पढ़ने। दिल्ली जैसी जगह ने लड़की का दिमाग फेर कर रख दिया। यहाँ बुलंदशहर में रहती तो कभी हाथ से तो ना जाती।
माँ तब भी कहाँ कुछ बोल पाई थी।
दोनों भाईयों ने तुगलकी फरमान सुना दिया था। अगर दूसरे बिरादरी में विवाह करने का सोचा तो इस घर का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
लेकिन मैं कहाँ मानने वाली थी।
आखिर शादी तो तुमसे ही की। तुम्हारे घरवाले भी इस शादी के खिलाफ थे, लेकिन वो तुम्हे तो अपनाये हुए थे बस मेरे लिए ही बहु की जगह नहीं बन पाई थी कभी। खैर मैंने भी कब तुमसे शिकायत की थी।।
तुम अकेले ही हो आते थे कभी कभी बीच बीच में अपने घर।
प्यार का परवान कुछ दिनों तक कायम रहा फिर आयी जीवन की ज़मीनी हकीकत। तुम दिनभर की नौकरी के बाद जब घर आते वजह बेवजह झलाने लगे थे। मुझे लगा घर की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ रही है तो तुम परेशान हो रहे हो। जल्द ही मैंने भी एक स्कूल की अध्यापिका की नौकरी पकड़ ली।
लगा था तुम्हारी जिम्मेदारी को हलका करूँगी। लेकिन जब तुम्हे बताया तो तुम भड़क उठे । -----'मैं क्या कम कमाता हूँ, या तुम्हे किसी चीज की कमी है', 'फिर क्यों नौकरी का बहाना करके बाहर जाना है।' 'क्यो ये अहसास दिलाना चाहती हो कि मैं तुम्हारी जरूरते पूरी नहीं कर पा रहा हूँ।'......
पहले सोचती थी शायद हमारा कोई बच्चा होगा तो हमें घर वाले अपना लेंगे। लेकिन में माँ नहीं बन पा रही थी। ऐसे में तुम्हे समझाया भी था क्या करूँगी पूरे दिन घर पर बैठ कर। लेकिन तुम नहीं माने, फिर मैं भी जिद कर बैठी। जब तुम नौकरी कर रहे हो तो मेरी नौकरी करने में क्या हर्ज है। बस वही हमारी अहम् की पहली जड़ जमी।
.
.
समय के साथ हम भी चलते रहे।
.
.
हम दोनों एक ही घर में किराएदार की भाँति रहने लगे। दोनों के बीच मन और शरीर का जरूरतभर का रिश्ता शेष रह गया था। शादी के 5साल गुजर गए। हम माँ बाप नहीं बन पाए। तुम्हारे घर वाले दबी ज़बान से बोलते एक बांझ से शादी करने से अच्छा था बिना शादी किये ही रह जाता। मैं हर दिन टूटती थी। तुमसे बात करने की कोशिश करती लेकिन तुम तो ना जाने कौनसे पश्चाताप की मुद्रा में दूर होते चले गए। तुम्हें लगता तुमने घरवालों के खिलाफ़ शादी करके बहुत बड़ा गुनाह कर दिया था। लेकिन तुमने कभी सोचा मैंने तुम्हे पाने के लिए कितना कुछ खोया। तुम्हारे लिए परिवार में सबसे लड़ी, बाद में दुनिया से भी लड़ी। शादी के बाद भी सुखी परिवार की परिभाषा से में दूर ही रह गई। तुम्हारे परिवार ने मुझे कभी अपनाया ही नहीं। मेरे दुःख से तुम्हे क्या सहानुभूति होती तुम तो खुद अपने परिवार से दूर करने का इलज़ाम को भी मेरे हिस्से का मान परिवारवालों के दिये जाने वाले तानों को मौन स्वीकृति देने लगे।
तुम्हारे सिवाय कोई दूसरा तो मेरी जिंदगी में था नहीं जिससे अपना दुःख साँझा करती। तुम्हारी बेरूखी दिल को कुरेदती थी। धीरे धीरे तुम्हारी खीज़ तुम्हारी बातों से झलकने लगी।
एक दिन तुम्हारा मेरी किसी बात से गुस्सा होकर घर छोङ कर चले जाना और आज पूरे तीन दिन से घर से गायब रहने ने मेरे अस्तित्व को अंदर तक झकझोर कर रख दिया। उस दिन अपने आप को असहाय महसूस करना बंद कर दिया।
इन तीन दिनों में मैंने समझ लिया कि मेरा अब तुम्हारे लिए कोई अस्तित्व ही नहीं है । उस दिन के बाद मैंने तुम्हारे जीवन में दखल देना बंद कर दिया । मेरा सारा ध्यान अब अपने आप को समेटकर बची हुई ताकत के साथ अपने आप को संवारने में लगने लगी।
आज जब तुमने अलग होने की बात कही तो ये भी अहम् की चोट ही थी जो तुमने फिर की। कैसे बोलती तुम्हारे लिए मैंने घर छोड़ा और आज तुम मुझे छोड़ने की बात कर रहे हो। फिर लगा अच्छा ही है। कुछ निर्जीव रिश्तों मे कितना भी पानी दो उनको सूख ही जाना है।
मैंने तलाक के कागज़ पर साइन कर के उसे टेबल पर रख दिया। साथ ही एक छोटी सी पर्ची में लिख दिया - "मैं बांझ नहीं हूं, मैं आज मां बनने वाली हूं । मैं जानती हूं कि यह बच्चा तुम्हारा नहीं है। और ना ही तुम कभी पिता बनने वाले थे । मैं कभी कहना नहीं चाहती थी लेकिन आज जरूर कहूंगी कि तुम जैसे नामर्द इंसान का मेरे जीवन में कोई स्थान नहीं है, मैं खुद तुम्हें हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर जा रही हूं। "
मैं उठी, एक आख़िरी बार तुम्हारे कमरे में झांक कर देखा, तुम आराम से सो रहे थे। मैंने दूसरे कमरे से अपना समान साथ लिया, तुम्हे सोते हुए छोङ, एक नये जीवन की उस अनंत मंजिल की और चल पड़ी।

©  डॉ. संतोष विश्नोई



Friday, June 26, 2020

कविता - मेहनतकश का दर्द

मेहनतकश का दर्द

जिंदगी ठहरना
 उससे पूछो
जिसको दो वक्त की
रोटी नसीब ना हो।
जीवन भर मेहनतकश
होने के बाद
आज जो लाचार
नज़र आता है।
हर रोज एक झूठी दिलासा
कल सब ठीक होगा!!!
आज सिर्फ
 नमक-रोटी की लालसा।
क्यो हर आपदा गरीब को
और गरीब कर के जाती है।
ये वही है जो ठंड में ठंड से मरता है
और
गर्मी में लूँ से मरेगा।
बेबसी इनके चेहरे पर ही नहीं
शब्दों में भी नज़र आ रही है।
जिन हाथों ने
मेहनत का गहना ही पहना
मानो
वो भी कोई लूट ले गया।
इक रोटी को पाने में
हुजूम के साथ
उसे पार करना पड़ता है,
अपने अन्तर की
 एक पीड़ा,
जीवनभर किसी के
आगे ना फैलाया हो हाथ ,
पर आज वही
दो वक्त की रोटी के लिए ताक पर रखता है
अपना ज़मीर, अपनी शान, अपनी पहचान।
आज उसके हाथ में वो लरज नहीं,
आज उसके चेहरे पर वो चमक नहीं,
आज तो बस बेबसी और भूख है।
सच
जिंदगी ठहरना
 उससे पूछो
जिसको दो वक्त की
रोटी नसीब ना हो।

 © डॉ. संतोष विश्नोई

Thursday, June 25, 2020

कहानी - 'वेदिका - रिश्ता सात फेरों का'

कहानी
वेदिका - रिश्ता सात फेरों का'

वेदिका की आज शादी के बाद ससुराल में पहली रात थी। कुछ महिलाएं उसको रात होने के बाद एक अलग कमरे में बैठा कर चली गयी। दबी-सी हँसी और फुसफुसाहट के बाद इतना कह गयी कि बहुरानी तुम आराम से बैठो,  हम देवर जी को जल्दी भेजते हैं। उन महिलाओं के जाने के बाद वेदिका ने एक नज़र कमरे पर डाली। देखने में साधारण सा लग रहा था। एक पुराना सा बेड रखा था जिस पर नई चद्दर तक नहीं बिछाई गयी। उसको ये देख कुछ अजीब जरूर लगा। फिर ये सोच मन बहलाया कि जल्दबाज़ी में शादी तय हुई है तो कमरे को ठीक करवाने की बात नहीं सोची होगी।
वेदिका को इस बात की तसल्ली जरूर थी कि इसी घर में उसकी सगी बड़ी बहन का भी विवाह हुआ है। बड़ी बहन का नाम कुसुम था। कुसुम का रिश्ता मनोज, जो अब उसके जेठ हैं, से तीन साल पहले की कर दिया था।  तब वेदिका ने बारहवीं की परीक्षा दी थी।
उसे आज भी याद है कुसुम दीदी की सगाई बड़ी धूमधाम से हुई थी। मनोज जीजाजी ने जब पहली बार दीदी को देखा तभी पसंद कर लिया था। घर में सब बहुत खुश थे। दीदी घर की सबसे बड़ी लड़की थी तो पहली बार हुए उनके रिश्तें को खुशी से सबने स्वीकार किया। झटपट सगाई भी कर दी।  तब घर में किसी को भी साथ में वेदिका की शादी को लेकर कोई ख्याल नहीं आया था।
पंकज मनोज का छोटा भाई था जो उस समय जयपुर में इंजीनियर की पढाई कर रहा था। छ्माही (सेमेस्टर) परीक्षा चल रही थी इसलिए भाई की सगाई में नहीं आ पाया था। ये अलग बात थी कि परीक्षा खत्म होने के बाद अपनी होने वाली भाभी से ढेर सारे तोहफ़ों के साथ उनके घर जाकर मिल आया।
समय की गति बढ़ती गयी।
वेदिका ने बीए पास कर ली। अब वेदिका के लिए लड़के देखने शुरू कर दिए गए। घरवाले मानने लगे कि क्यों नहीं एक ही मंडप में दोनों बहनों का विवाह कर दिया जाए। घरखर्च भी आधा हो जायेगा और दोनों बेटियों के विवाह जैसे बड़े दायित्व की पूर्ति भी हो जायेगी।
उसी समय पंकज का सरकारी नौकरी में अच्छा प्लेसमेंट हो गया। वेदिका के पिता और परिवार वालों को जानकारी हुई।  इनको भी लगा जब घर में हीरा हो तो बाहर क्यों भटका जाए।
झटपट वेदिका के पिता ने कुसुम के ससुर जी से मिलकर छोटी बेटी के लिए पंकज का हाथ माँग लिया।
उन्हें भी इस बात से क्या एतराज होता कि मनोज के साथ साथ छोटे बेटे का घर भी बस जायेगा ।
उन्होंने पंकज से बिना पूछे वेदिका के रिश्तें के लिए 'हाँ' कर दी।
साथ ही वेदिका के पिता को आश्वासन दिया कि इस बार पंकज जब घर आयेगा तो सगाई के बगैर सीधा शादी तय कर देंगे। आप बस अभी से शादी की तैयारियों में जुट जाइये।
जल्द शादी की तारीख तय कर दी। पंकज को पूर्व सूचना दे दी कि कम से कम पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर आ जाए।
जल्द छुट्टी का आवेदन करके पंकज घर आ गया।  घर में शादी की जोरदार तैयारियां चल रही थी। शाम को पिता ने पंकज को शादी का सैंपल कार्ड दिखा कर पूछा-"तुम देखकर पसंद करके बता देना।  बाद में मत कहना अच्छे नहीं हैं!!!!!
पंकज ने कहा-"पिताजी कार्ड का तो आप भाई से पूछो। उनकी पसंद जरूरी है।
पिता हँसते हुए -"तुम्हारे भाई को कोई भी कार्ड चलेगा तुम अपना देखकर बता दो।  तुम सरकारी अफसर हो गए हो तो बाद में कहोगें पिता ने खुद की शादी का कार्ड तक पसंद नहीं करने दिया।
पंकज सुन कर चौंक गया।  क्या!!!!!!!!मैं कुछ समझा नहीं........बस इतना ही मुँह से निकला।
पिता- इसमें इतना समझने वाली कौनसी बात है। भाई के साथ तुझे भी तो घोड़ी चढ़ना है। तुम्हारी भी तो शादी है।
पंकज - मेरी शादी????? लेकिन पिताजी में अभी शादी नहीं कर सकता।
पिता - बेटे अभी शादी नहीं करनी तो कब करोगें!!!!!तुम्हारी उम्र तक तो हमारे तुम तीनों भाई बहन पैदा हो गए थे। फिर तुम्हारी क्या समस्या है? नौकरी लग गयी है,  ठाठ से शादी करके रहो।  मैं समधी जी को तुम्हारे लिए हाँ कर चुका हूँ।
पंकज - पिता जी आप समझ क्यों नहीं रहे हो।  मैं अभी शादी करना नहीं चाहता।  थोड़ा नौकरी में स्थाईपन आये फिर सोचूँगा।  वैसे मैंने खुद एक लड़की पसंद करके रखी है। मेरे साथ ही पढ़ती थी।  सोचा था भाई की शादी के बाद आप लोगों को बताऊँगा।
पिता - बेटे मैं ज़बान दे चुका हूँ।  उनके यहाँ शादी के कार्ड छप चुके हैं। अब कुछ नहीं हो सकता।
पंकज - पिताजी आप क्यों नहीं समझ रहे मेरी जिंदगी का सवाल है,  मैं ऐसे किसी से शादी नहीं कर सकता।  बस...
पिता ने आगे बिना कुछ सुने वहाँ से चले गए.....
पंकज समझ गया पिताजी अब समझने वाले नहीं है।  उसने अपनी माँ और भाई को समझाने का प्रयास किया।  लेकिन कोई समझ नहीं पा रहा था या समझना नहीं चाह रहें थे। ये कहना मुश्किल था।
स्थिति और भी विकट हो गयी। वेदिका के पिता से बात की गयी।  उन्होंने साफ कह दिया।  अब कार्ड छपने के बाद डोली उठेगी तो दोनों की नहीं फिर एक की शादी हरगिज़ नहीं करूँगा। समस्या और गंभीर हो गयी। जब बड़े भाई ने भी जिद कर ली शादी करूँगा तो सिर्फ कुसुम से ही करूँगा। नहीं तो किसी से भी नहीं।
इस भयावह परिस्थति में किसी को समझ नहीं आ रहा कि करें तो क्या करें।
आखिरकार सबने पंकज से कहा तुम ही इस परेशानी से निकाल सकते हों। पंकज ने साफ कहा मेरा इस शादी से कोई लेना देना नहीं है।  मेरी अगर जबरदस्ती में शादी करवाने का प्रयास किया तो फिर कभी अपना चेहरा दिखाने भी नहीं आऊँगा।
सबने हाथ जोड़ कर कहा - जैसा मन में आये कर लेना।  लेकिन अभी शादी कर लो।  बाद में हम लोग इस मामले को देख लेगें।
अंत में दोनों भाईयों की बारात गयी। शादी हुई।  फेरे लेकर दोनों दुल्हनों को घर ले आये।
ये वेदिका की वही पहली रात थी।  जिसमें भावी जीवन को लेकर अनेक सपने बुने जाते हैं। वेदिका को रिश्ता तय होने के बाद सिर्फ जानकारी भर दी गयी कि बहन के साथ ही जा रही है। सरकारी नौकरी वाले की मैम साहिबा बनकर इतरायेगी।  क्यों हैं न ?!!!!!!! कह कर उसे सहेलियों और भाभियों ने खूब छेड़ा।
वेदिका ने फिर से ये सोच शरमा कर गरदन झुका ली। अचानक ख्याल आया अरे इतना समय गुजर गया उसके कमरे में कोई नहीं आया।
तभी कुछ तेज़ तेज़ आवाज सुनाई देने लगी।  शायद किसी के गुस्से में बोलने या चिल्लाने जैसी आवाज आ रही है।  उसने उठ कर थोड़ा कमरे के दरवाजे तक आकर देखा। आँगन में भीड़ जमा थी।  पंकज अपना बैग उठाये बाहर जा रहा था और उसकी माँ उसको रोकने का प्रयास कर रही थी।  लेकिन पंकज ने बिना रुके और बिना मुड़े हमेशा के लिए जाने का कह चला गया।
वेदिका के लिए कुछ समझ नहीं आने वाली बात थी।  महिलाओं का एक गुट दबी आवाज़ में पंकज का घर छोड़ कर जाने के पीछे वेदिका को असुंदर् करार देकर कारण बताया जा रहा था तो किसी ने लड़की को अपसगुनी भी बताया।
किसी तरह सुबह हुई।  वेदिका को उसके घर भेज दिया गया।  अनन्त काल के लिए।  इस पूरे घटनाचक्र में किसी ने एक बार भी यह जानने का प्रयास नही किया गया कि वेदिका के दिल पर क्या गुजर रही होगी'।  इस बात के एक हफ़्ते बाद ही वेदिका ने इस संसार से विदा ले ली। उसे किस बात की सज़ा दी गयी ये तो ख़ुदा भी उस समय नहीं कह सकता था।
कभी कभी बड़ों का अहंकार और इज़्ज़त इतने मायने हो जाते है कि किसी निर्दोष का गला ही घुट जाता है। कहने को समय बदला लेकिन रूढ़िवादी सोच कब बदलेगी कह नहीं सकते।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Wednesday, June 24, 2020

कहानी - शादी या सौदा?

शादी या सौदा?
संकल्प अपनी नई प्रेमिका को घर छोङ कर दोस्तों के पास गया। सबने उसकी प्रेमिका की सुंदरता की तारीफ़ करते हुए कहाँ -"भाई तुम शादी कब कर रहे हो....तुम दोनों की जोड़ी बड़ी खूबसूरत लगती है। कितने लोग तुमसे जलते हैं। इतनी सुंदर और नौकरीपेशा प्रेमिका मिली है। क्या अच्छी किस्मत पाई है।"
संकल्प मन ही मन मुस्कुराता हुआ बोला-" शादी का बाद में देखा जाएगा। शादी वादी के लिए कौन प्रेमिका रखता है। बस ये तो उम्र और अपने रुतबे की जरूरत है। एक जाएगी दूसरी आ जाएगी। तेरे भाई को इस तरह की लड़कियाँ नहीं चाहिए जो लड़कों के साथ सड़कों पर घूमती फिर रही हो। चाहे वो उसका बॉयफ्रेड ही क्यों न हो। ये टाइम पास के लिए बिल्कुल सही है। मुझे ऐसी लड़कियों से शादी नहीं करनी।.......
दोस्त -" जब शादी नहीं करनी तो तुमने रिया को पिछले सप्ताह शादी के लिए प्रपोज़ क्यों किया था??"
संकल्प -" भाई तू नहीं समझेगा ये लड़कियाँ इतनी आसानी से हाथ नहीं आती है इसलिए इनको भरोसे का थोड़ा लड्डू देना पड़ता है। वैसे भी प्रपोज करने के लिए चाहिए ही क्या ? 20 रुपये वाला एक गुलाब ही काफी है । बस हो गया काम।
दोस्त -" ये तो गलत है भाई, ये तो किसी के भरोसे की बात होती है, एक बार टूट गया तो टूट गया।
संकल्प -" देख तेरे भाई ने अपनी गाड़ी और बॉडी इसी दिन के लिए बना कर तैयार रखी थी। इसका कुछ तो फायदा उठाना ही चाहिए।"..... कहते हुए अपनी गाड़ी में बैठा और फुर्र से धूल उड़ाते हुए निकल गया।
उसके दोस्त उसके रुतबे और टशन की बात मन ही मन सोचते रहे।
छह महीने बाद संकल्प की सगाई का कार्यक्रम था। उसके सभी दोस्त उसमे सम्मिलित होने गए। जब होने वाली भाभी को देखा तो यकीं नहीं हुआ। सांवले रंग, छोटी कदकाठी और वजन में इतनी मोटी की संकल्प से लगभग दुगुनी ही ठहर रही थी। संकल्प पूरा गोरा चिट्टा और अच्छी कदकाठी का लड़का रहा है। लड़कियां इस पर देखते ही जान दे दे इतना अच्छा दिखता था। लेकिन आज ये क्या.... कोई और लड़की नहीं मिली थी इसको शादी के लिए.....
सबने संकल्प को इशारा कर के एक तरफ ले जाकर पूछा भाई ये क्या करने जा रहा हैं। ऐसी लड़की से तू शादी कर रहा है? कुछ तो देख कर शादी करता। तेरी बीवी होगी वो। जीवन भर साथ रहना है। इसका चेहरा देख और अपना चेहरा देख। तू चांद है तो वो अमावस्या....
संकल्प हँस कर बोला- " अरे तुम लोगों को क्या लगता है। मैं क्या बिना सोचे समझे शादी कर रहा हूँ। देख तेरी इस भाभी के फायदे बहुत है। पहली तो इसके कभी कोई बॉयफ्रेन्ड नहीं रहा, न कोई प्रेम प्रसंग। दूसरा जीवन भर मेरी सुनती रहेगी। मेरा घर और बच्चे, माँ बाप को संभालती रहेगी। जॉब तो इसको करना भी नहीं है, मैं खुद यही चाहता हूँ ये जॉब के लिए बाहर न जाए । तीसरा इसके बाप के पास फैक्ट्ररी, पैसा बहुत है। एकलौती बेटी है। सब मेरा ही तो होगा।......शादी में मर्सडीज़ मिल रही हैं। फिर मेरी जिंदगी तो वैसे ही ऐश में चलती रहेगी। बाहर घूमाने के लिए लड़कियों की कमी थोड़ी है।.... तुम लोग चिल् करो.... और भाई की शादी का लड्डू खाओ.....
उसके दोस्त संकल्प की इस बात को सुनकर मुँह ताकते रहे। शादी जैस पवित्र बंधन का ऐसा भी सौदा होता है पहली बार देख रहे थे.....
© डॉ. संतोष विश्नोई

Sunday, June 14, 2020

कहानी - जीवन का दूसरा अध्याय


कहानी - 'जीवन का दूसरा अध्याय'

शिया हैदराबाद से दिल्ली आने के लिए फ्लाइट में बैठी थी। हैदराबाद में उसकी बहन और जीजा जी रहते थे। यहाँ उसे खास मकसद से बुलाया गया था। जीजा जी ने अपने साथ काम करने वाले एक अच्छे और सज्जन लड़के से शादी के लिए मिलवाया था। जिसे उसने टाल दिया था। लड़के ने शिया को सभी शर्तो के साथ अपनाने की बात भी कही थी। फिर भी शिया ने कुछ न कह कर किसी तरह टालमटोल कर दिया। बहन ने समझाया कब तक ऐसे अकेली जीवन बिताएगी। जब कोई तुम्हारा हाथ थामने को तैयार है तो बिना खास वजह के मना करना ठीक नहीं। अतीत तो अतीत होता हैं उसे हम बदल नहीं सकते, कभी न कभी आगे बढ़ना ही होता है। लेकिन शिया कुछ नहीं बोलती। घर वाले उसकी इस दशा से दुखी होते लेकिन कोई क्या कर सकता था।
कुछ दिनों की छुटियाँ उनके साथ बिता कर वो फिर से अपने नीड की और लौट रही थी। दिल्ली में उसकी जॉब थी पिछले 3 सालों से। अपना कैबिन बैग ऊपर जमा कर सीट पर आकर आराम से बैठ गयी। खिड़की की तरफ उसकी सीट थी। अभी बोर्डिंग चल रही थी। लोग अभी आकर अपनी सीट नंबर देख कर बैठते जा रहे थे। शिया अपने पर्स से ईयरफोन निकाल कर गोद में रख लेती हैं। साथ ही अपने खुले बालों को क्लच लगा कर ऊपर की तरह बांध लेती हैं। उसकी सीट बिजनेस क्लास में थी। पहले बोर्डिंग होने के कारण उसने आस पास की सारी सीटे भर गयी थी। लेकिन अभी तक उसके साथ वाली सीट पर कोई नहीं आया था। बोर्डिंग अपने अंतिम चरण में थी तभी एक नवयुवक अपने साथ एक केबिन सूटकेस के साथ दाखिल हुआ। वो लेट था। वो जहाज के दरवाजे पर खड़ा कुछ तर्क दे रहा रहा जिसे शिया स्पष्ट सुन नहीं पा रही थी। केबिन क्रू मेंमर उसको कुछ बोल कर आखिर में फ्लाइट में आने की इज़ाजत दे देते हैं।
वो नवयुवक हाँफते हुए शिया की तरफ आकर, सीट नंबर देख और ऊपर समान जमा पास वाली सीट पर बैठ गया। शिया की नज़र उसकी ओर गयी। किसी संभ्रात घर का लगा। उसकी नज़र भी शिया की तरफ गयी। शिया हल्की सी मुस्कुरा दी। उसके चेहरे पर फीकी सी मुस्कान आयी और पल भर में गायब हो गयी। शिया को वो थोड़ा अशिष्ट सा लगा। उसने अपना ध्यान बंटाने के लिए खिड़की से बाहर देखने लगी।
जहाज अभी जमीन पर ही चल रहा रहा। शिया को हमेशा जहाज में विंडो सीट ही पसंद रही है। जहाज के उड़ने को वो हमेशा चाव से देखती हैं। उसके उड़ान के साथ उसका मन भी कही आकाश में विचरण करता है। उसके जीवन का ये दूसरा हिस्सा था जो वो जी रही थी। कुछ साल पहले उसे आकाश नाम के एक लड़के से इश्क हुआ था, शादी भी की लेकिन ईश्वर को न जाने क्या मंजूर था एक सड़क दुर्घटना में
आकाश को हमेशा के लिए खो दिया था। बच्चे का स्वप्न तो तब तक देखा भी नहीं था। जॉब तो उसके पास थी जिसके कारण वो संभल गयी थी। लेकिन उस खोये हुए रिश्तें की कसक आज भी उसके मन में दबी हुई थी। फ्लाइट में बैठी शिया शून्य में खोयी हुई इस अनंत वायुमण्डल में अपने आकाश की छवि महसूस करने की कोशिश कर रही थी। सुनते हैं न जब अपना कोई खो जाता है तो इसी आकाश में एक तारा बन कर हमेशा के लिए अमर हो जाता हैं। शिया इस ऊंचाई पर आकर कही न कही आकाश के थोड़ा निकट होने का अहसास पा रही थी। यही कारण था वो हमेशा खिड़की वाली सीट पर बैठ कर ही यात्रा करना पसंद करती थी। शिया अपने खयालों में खोई हुई थी कि एयर होस्टेस की मृदु सी आवाज से उसका ध्यान भंग हुआ। परम्परा के अनुसार जहाज में जलपान की व्यवस्था का वितरण हो रहा था। उसने कॉफी और खाने के लिए एक सेंडविच लिया। साथ वाले लड़के ने कुछ लेने से इंकार करते हुए गर्दन झुका कर अपनी आँखे बंद कर ली। शिया ने एक बार उसकी तरफ देखा तभी उसने भी आँखे खोल एक बार शिया की और देखा। शिया ने पूछ लिया-' आप नहीं लेंगे?'
उसने जवाब में कहा -'मन खराब सा हो रहा है, तो नहीं ले रहा।"
'क्या उंचाई की वजह से या फ्लाइट के डर से तो मन खराब नहीं हुआ न। तबियत ठीक है ???"
उसने कुछ नहीं कहा। उसकी चुपी देख कर आगे शिया ने कुछ नहीं कहाँ। उसने चुपचाप अपना नाश्ता खत्म किया। खिड़की की तरफ सर टिका उसी अनंत में फिर से खो गायी।
तभी उसे किसी की सिसकने की आवाज आयी। उसका ध्यान टूटा तो उसने पास बैठे उस लड़के की और देखा। हाँ वो ही रो रहा था। बहुत धीरे से। शिया ने इससे पहले कभी किसी पुरुष को रोते नहीं देखा था। उसके लिए अब संकट आ खड़ा हुआ। लड़के की आँख बंद थी, वो अंदर ही अंदर रोने को छुपाते हुए था, फिर भी रूलाई के आवेग से एक हल्का सा गहरा साँस रह रह कर उठ जा रहा था। उसे नहीं पता था शिया को उसके इस बात का ज्ञान हो गया। शिया को लगा बात कुछ तो गम्भीर है नहीं तो कोई इस तरह अपने ऊपर नियंत्रण नहीं खोता। कही सच में तबियत खराब तो नहीं हो रही। शाम का समय होने के कारण फ्लाइट में इतनी अधिक रोशनी नहीं थी कि कोई दूसरा उसके आंसू देख पाते। शिया को कुछ समझ नहीं आ रहा था। कही पूछ कर किसी के दर्द को और कुरेदने जैसा न हो जाए।
 थोड़ी हिम्मत कर के उसने पानी का बोतल उसकी और बढ़ा कर पूछा-"तुम ठीक हो?"
उसने हड़बड़ाते हुए एक लम्बी साँस ली और शिया के हाथ की बोतल ले पानी पीने लगा। एक ही साँस में उसने आधा बोतल पानी पीकर थोड़ा सामान्य होने का प्रयास करने लगा।
उस नवयुवक ने कहाँ -"माफ कीजिए, मेरी वजह से आप यदि परेशान हुई हो।
शिया -" नहीं ऐसी बात नहीं है। शायद आपका मन खराब था। अच्छा है मन हल्का हुआ होगा।..... आप अब ठीक है न?.... मुझे सच में नहीं पता आपको क्या समस्या हो रही है? अन्यथा आपकी कोई मदद कर पाती।
उस नवयुवक ने कहाँ - " आप मेरी मदद नहीं कर सकती, यहाँ तक कि कोई भी मेरी मदद नहीं कर सकता। ... मेरे पिता जिनसे में हमेशा दूर और कटा कटा ही रहा, आज मुझे छोङ कर चले गए।... आज पता चला उनके होने का अर्थ क्या था।... जब वो जिंदा थे मैं एकमात्र सम्पति के रूप में एक घर था जिसमे वो रहते थे उसे बेचना चाहता था। पिता ने जीते जी उसे बेचने नहीं दिया था। उनके जाने के बाद मैं खुशी खुशी उस घर को आज बेचने गया था। कबाड़ के तौर पर समान निकाल कर फैंकना चाहता था। जब समान को देखा तो पता चला वो तो मेरी हर याद को संजो कर रखे हुए थे। उनका तो वहाँ कुछ भी नहीं था। मेरी बचपन की टूटी हुई साईकिल से लेकर पुरानी पेन तक। ... हर जगह मेरा ही समान था। आज पता चला एकलौते बेटे होने के बाद पिता को मैंने तो भुला दिया लेकिन उन्होंने तो मुझे हर जगह जीवित रखा। माँ के जाने के बाद शायद ही मैंने ठीक से उनसे बात की हो। उनकी नसीहते उपदेश लगते थे। उनका टोकना बंदीशे। इन बंदिशों को तोड़ कर बहुत पहले मैं चला गया था।... उनकी मौत की खबर से भी उतना फर्क नहीं पड़ा था।... सोचा सबको एक दिन जाना ही होता है। ये भी चले गए।... पर आज जब घर होकर आया तो पता चला उनका जाना साधारण जाना नहीं था।...घर के कागज़ातों के साथ आदतन उनका लिखना एक सीख दे गया -"किसी के जाने से जिंदगी रूकती नहीं, अपनी जीवन की रफ़्तार को मेरे लिए थमने न देना।....
शिया की आंखें भी इस अंतिम पंक्ति को सुन कर नम हो गयी। उसने अपने आँसू छुपाने के लिए चेहरा दूसरी और मोड़ लिया। सामने फैले उस अनंत क्षितिज में आकाश का धुंधला सा चेहरा नज़र आने लगा था। लगा आकाश भी यही कहना चाहता हो --------"किसी के जाने से जिंदगी रूकती नहीं, अपनी जीवन की रफ़्तार को मेरे लिए थमने न देना।....
तभी विमान दिल्ली के चक्कर लगाते हुए धरती की और आने लगा जैसे उसको भी जीवन की एक नई राह दिखाना चाह रहा हो। जहाँ उसके जीवन का नया अध्याय शुरू होना था। उसके परिवार वाले भी तो उसकी इसी बात से चिंतित थे। उसने जहाज से उतर कर उस नवयुवक को धन्यवाद ज्ञापित कर अपनी बहन को फोन कर रिश्तें के लिए हाँ कह दिया।

©डॉ. संतोष विश्नोई

Wednesday, June 10, 2020

कहानी - रिश्तों का फ़र्ज़

कहानी - रिश्तों का फ़र्ज़

डॉ. स्नेहा का इस साल एमबीबीएस के फाइनल एग्जाम का रिजल्ट आ गया था। उसके सभी साथी आगे के सुनहरे भविष्य पर विचार कर रहे थे। कोई प्राइवेट प्रैक्टिस करने की बात करता है तो कोई गर्वमेंट क्षेत्र में जाने की बात। कुछ तो साथी डॉक्टर से शादी कर के एक साथ क्लिनिक खोलने पर भी विचार कर रहे। एमबीबीएस की डिग्री ही ऐसी है कि उसको करने के बाद हर कोई सुनहरे सपने देखता ही हैं। सबकी सोच के विपरीत स्नेहा ने अपनी नौकरी की पोस्टिंग गाँव में करवाई। सबको बड़ा आश्चर्य हुआ। शहर में एक डॉ. के लिए आमदनी के अनेक स्रोत होते हैं। गाँव मे उतना अवसर नहीं मिलता।
गाँव के अस्पताल में आज उसने पहला कदम रखा। कल ही उसकी पोस्टिंग इस गाँव में हुई है। गाँव में पिछले कई सालों से कोई डॉक्टर नहीं आया था। सब इलाज के लिए दूर एक प्राइवेट अस्पताल जाते थे। स्नेहा ने खुद इस गाँव को चुना था। जिसके पीछे एक राज था। ये वही अस्पताल है जहाँ उसका जन्म हुआ और उसकी माँ ने उसे पैदा करते ही दम तोड़ दिया। उसका बचपन बाकी बच्चों की तरह सामान्य नहीं रहा था। जब स्नेहा पैदा हुई उसी दिन प्रसव पीड़ा से ही उसकी मा की साँसे थम गयी थी।  एक तो लड़की और उस पर अपनी माँ को जन्म लेते ही निगल जाने वाली बात का आक्षेप लगा। उस बच्ची को न जाने कौन से गुनाह की सज़ा मिली। दादी ने उसे अपशकुनी मान कर उसे छुआ तक नहीं। बस एक बुआ थी जो घर में विधवा होने के कारण यही रहती थी। विधवा कोटे से उसे स्कूल की नौकरी मिल गयी थी। उसने स्नेहा को थाम लिया।
जैसे तैसे उसको घर तो ले आये लेकिन दो ही महीने बाद उसके पिता का दूसरा विवाह कर दिया गया। सौतेली माँ को भी स्नेहा फूटी आँख पसंद नहीं आती। इस घर में बुआ के बाद सिर्फ दादा ही थे जो उस बच्ची का चेहरा देखते तो आँख में उस आभागी के लिए आँसू आ जाते थे। दादी के खौफ और डर की वजह से दादा ने भी अपना प्यार कभी जगजाहिर नहीं होने दिया।
उसकी सौतेली माँ के भी बच्चे हुए ऐसे में स्नेहा के लिए उस घर में कोई खास महत्व नहीं रह गया था। उसके हिस्से में दो वक्त की रूखी सुखी रोटी ही नसीब आती गयी। और कपड़ों के नाम पर साल में एक आधे पुराने दे दिये जाते थे। समय के साथ स्नेहा बड़ी होती गयी।
स्नेहा एक मिलनसार और बेहद मीठी बोलने वाली लड़की थी। पढ़ने में भी काफी कुशाग्र थी। वो सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती। उसके छोटे भाई बहन पब्लिक स्कूल में जाते। स्नेहा को इस बात से कोई शिकायत नहीं थी। स्कूल से आने के बाद वो घर के कामकाज़ में भी मदद करती थी। उसको अपने छोटे भाईयों  से लगाव भी था।
उसकी सारी खूबियाँ उसकी माँ के लिए आँख की किरकिरी बनी हुई थी। उसका बस चलता तो वो स्नेहा को घर से निकाल देती। लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकी। आखिर उसने एक उपाय सोचा। स्नेहा का छोटी उम्र में विवाह करने के लिए घर वालों के खिलाफ दबाव बनाया। स्नेहा के पिता और दादी को कोई ऐतराज़ नहीं था। उसके दादा ने दबी जुबाँ से मना भी किया तो उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। बस एक बुआ थी। वो खुद महिला होने के नाते परिवार पर आश्रित थी। उनका मन स्नेहा के प्रति लगाव रखता था। लेकिन घर में  उनकी एक नहीं चलती थी।
ऐसे में जब स्नेहा के लिए रिश्तें देखे जाने लगे तो उनको बड़ी चिंता हुई पर कहे तो किसको कहे!!!!
आखिर एक दिन अपने पिता से मौका देख कर बोला-" स्नेहा का कच्ची उम्र में विवाह करना ठीक नहीं है पिता जी, उसकी जिंदगी खराब हो जाएगी।"
"ह्म्म्म, सही कह रही हो। लेकिन तुम्हारी माँ और भाभी के आगे मेरी कौन सुनेगा। मुझे तो उस बिन माँ की बच्ची पर बड़ी दया आती है। अभी तेरह साल की उम्र हुई है और ये लोग उसे कुंए में धकेलकर जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहते हैं।..... "
"ऐसे में क्या किया जाए, तुम ही बताओ।" दादा जी के आँखों में पानी तैरने लगा।
पिता जी, स्नेहा को इस नरक से दूर भेजना होगा।.. यहाँ रही तो हम कुछ नहीं कर सकते।.... "बुआ ने जवाब में कहा।
दादा जी को एक उपाय सूझा बोले मेरे एक दोस्त है। जिसके बच्चे बाहर पढ़ते हैं क्यो न उससे बात करू कुछ उपाय हो सके और कोई रास्ता निकले। बुआ ने कहा जो करना है जल्दी करे।
दादा जी ने दोस्त से बात की और अपनी असहाय स्थिति का हवाला भी दे दिया। दोस्त ने स्नेहा को दूर बोर्ड में किसी हॉस्टल में रख कर पढ़ाने की सलाह दी।
बुआ और दादा जी ने बिना घर पर बताए स्नेहा का एडमिनशन करवा कर किसी बहाने से उसे भेज दिया। स्नेहा अपनी नयी दुनिया में आ गयी। हॉस्टल में रह कर पढ़ने लगी। यहाँ आने के बाद वो कभी घर नहीं गयी। साल में एक दो बार बुआ उसको देखने आ जाती थी बस।
समय के साथ वो समझदार और बड़ी होती गयी।आगे चल कर मेडिकल कॉलेज में वजीफे के साथ एडमिशन हुआ। मेडिकल के पाँच साल के दौरान उसके दादा जी की मृत्यु हो गयी। बुआ भी बीमार रहने लगी।
उसके पिता और सौतेली माँ को उसके होने न होने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता था। उनके लिए तो वो तभी मर गयी थी जब वो घर से पहली बार पढ़ने बाहर गयी थी।
इन पांच साल में उसकी पढ़ाई चलती रही थी।
आज वो उसी गाँव के अस्पताल के प्रांगण में खड़ी थी।
.
.
कुछ दिनों बाद हॉस्पिटल में एक क्रिटिकल केस आया। एक आदमी के साथ महिला आयी हुई थी। उनका एक बच्चे का ऑपरेशन करना था। प्राइवेट हॉस्पिटल में उसके लिए 15-20 लाख का खर्चा बताया तो वो सरकारी अस्पताल में आये। साथ में उनकी दादी भी आयी थी रोती बिलकती। डॉक्टर ने बताया कि आपको अपनी बारी आने तक रूकना होगा। पहले से ही बहुत सारे मरिज़ो की लाइन लगी है। तभी डॉक्टर स्नेहा अपने केबिन की ओर जाते हुए उसकी नज़र उस परिवार पर पड़ी। उसने अपनी दादी और पिता को पहचान लिया था। उसने नर्स से फाईल मंगवाई और केस देखने लगी। केस काफी क्रिटिकल था। एक बार तो मन में आया वो चाहे तो इस केस को न लेकर अपना पुराना मन का बदला ले सकती हैं। तभी उस भीड़ में वो महिला केबिन में आयी और स्नेहा से हाथ जोड़ कर कहने लगी। बेटी मेरे बच्चे की जान बचा लो। मेरा एकलौता बेटा है.... उसने सब ठीक होने का आश्वासन दिया।
उसने वो केस अपने हाथ में लिया। सर्जरी हुई। उस बच्चे की जान बच्चा ली गयी। दो दिन के बाद घर जाने की छुट्टी दी। डॉ. स्नेहा ने उनका सारा बकाया पता कर के सूचना कहलवा दी की वो उन लोगों से कोई फीस का पैसे नहीं ले।  बकाया बिल मेरे पास भिजवा दे। नर्स ने बिल लाकर डॉ. स्नेहा को साइन करवाने आयी। नर्स ने पूछ लिया - " मैम आपके रिश्तें में कुछ लगते थे क्या??
डॉ. स्नेहा ने रूक कर नर्स को देखा और बोली हाँ। नर्स के जाने के बाद मन ही मन में कहाँ - आसान तो नहीं होता किसी भी रिश्तों को परिभाषित करना। फिर भी आज उनकी बेटे की जान लौटा कर एक डॉक्टर होने के साथ साथ बेटी होने के अपने फ़र्ज़ को भी अदा किया।
© डॉ. संतोष विश्नोई, सहायक प्रोफेसर, कॉलेज शिक्षा, दिल्ली-एनसीआर

Monday, June 1, 2020

कहानी - ईमानदारी की मिशाल

'ईमानदारी की मिशाल'

ईश्वर कभी कभी अनजाने में ही अपने हाथों से कुछ ऐसे काम करवा देता है कि यकीं करना मुश्किल होता है। बात उन दिनों की है जब बैंकों में सीसीटीवी कैमरा और रुपए गिनने की मशीन नहीं हुआ करती थी । गोपाल जी एक सरकारी बैंक में काम करते थे। एक बार यह हुआ बैंक में बहुत भीड़ थी। सबको पैसे हाथ से गिन कर दे रहे थे। शाम को काम निपटा कर बचे हुए कैश को लॉकर में रखना होता था। जब बचे हुए रुपयों को गिना गया। बीस हज़ार कम पाए गए।  गोपाल जी बड़े चिंतित हुए बीस हज़ार बहुत छोटी रकम नहीं थी। लेकिन उसका हिसाब ही नहीं मिल रहा था। क्या किया जाए, कुछ समझ में नहीं आ रहा था।  दिन भर का कैश अपने हाथ से दिया था। फिर गड़बड़ कैसे हुई?  बैंक बंद होने का समय हो रहा था।  वे इसी उधेड़बुन में काफी देर बैठे रहें। अपने कैरियर में आज तक ऐसा नहीं हुआ था, इस बार उनसे यह गलती कैसे हो गई!!!!!
बैंक बंद करके घर चले गए किंतु उनका मन घर जाकर भी शांत नहीं हुआ। हो ना हो किसी को बीस हज़ार गलती से ज्यादा दे दिए हो। अब उनकी सैलरी  से ही उन्हे जमा कराना था।
......
इस बात को दो महीने हो गए। एक दिन पास ही के गाँव का एक किसान आया।  पूरे बीस हज़ार रूपये गोपाल जी के सामने टेबल पर रख दिए। गोपाल जी ने उनसे पूछा जमा करने है?
किसान - नहीं,  ये आपको वापस लौटाने आया हूँ।
गोपाल जी को कुछ समझ नहीं आया।  वो बोले - लेकिन मैंने तो आपको कभी पैसे नहीं दिए थे.... फिर ये????
किसान - श्रीमान हो सकता है आप भूल रहे हो.... अभी 2 महीने पहले की बात है।  मेरी बेटी की शादी थी।  बैंक में डेढ़ लाख रुपये  जमा थे। वही लेने आया था। आपने 1,70,000 रुपये मुझे दिए थे। मैंने घर जाकर देखा था। बिटिया की शादी थी तो वापस उसी समय शहर नहीं आ सकता था। फिर मुझे पैसों की बहुत जरूरत  भी थी।  ईश्वर ने मेरी मुराद पूरी कर दी। उन पैसों को उस समय मैंने बिटिया की शादी में खर्च कर दिया। माफ करना साहब, मुझे फिर से पैसे जुटाने में 2महीने लग गए।। हम गरीब जरूर है लेकिन चोर नहीं है। आपके पैसे तो लौटाने ही थे न!!!!
गोपाल जी ये सोचकर मुस्कुराने लगे कि इस कलियुग में एक सच्चे मेहनत करने वाले इंसान में अभी भी ईमानदारी बची है।

©डॉ. संतोष विश्नोई

विशिष्ट पोस्ट

कहानी- अम्मा